Welcome to The Indian Awaaz   Click to listen highlighted text! Welcome to The Indian Awaaz

AMN / RANCHI

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मिल गए हैं। इससे पहले कहा जा रहा था कि हेमंत सोरेन कहीं मिल नहीं रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची स्थित अपने सरकारी आवास से बाहर निकले। बताया जा रहा है कि सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों की बैठक के बाद वह महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर रांची के मोरहाबादी मैदान के लिए रवाना हुए।

उन्‍होंने 31 जनवरी यानि कल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को पूछताछ के लिए समय दिया है। इससे पहले सोमवार को ईडी की टीम हेमंत सोरेन के दिल्‍ली स्थित घर पर उनसे पूछताछ के लिए पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले थे।

सीएम सोरेन ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका पहुंचे। जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी तथा कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। बापू वाटिका परिसर में मीडिया के प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबोधित किया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे बापू महात्मा गांधी की आज पुण्यतिथि है और आज के दिन पूरा सत्ता पक्ष यहां पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रहा है। हमें गर्व है कि ऐसे लोग हमारे बीच में जन्मे और हमें मार्गदर्शन दिया। जिनके कदमों पर हम ही नहीं, देश-दुनिया सभी बापू के आचार-विचार का अनुसरण करते हैं।

उन्होंने कहा कि हम सब निश्चित रूप से इसके लिए संकल्पित हैं कि महात्मा गांधी के विचार दबे नहीं और जिस तरीके से आजादी से लेकर आज तक उनके विचारों को याद किया जाता है। हम सब मिलकर उनके पद चिन्हों पर चलने का संकल्प लेते हैं।

भाजपा की साजिश को करेंगे नाकाम: कांग्रेस

बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि यह सरकार चल रही है और आगे भी चलती रहेगी। जनता ने इसे पांच वर्ष के लिए चुना है। भाजपा इस सरकार को डिस्टर्ब करने की लगातार प्रयास कर रही है। हम उसके साजिश को नाकाम करेंगे।

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हेमंत सरकार को अपदस्थ नहीं किया जा सकता है। हमलोग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ खड़े हैं। यह सरकार चलती रहेगी।

इन सबके बीच हेमंत सरकार ने आज विधायक दल की बैठक बुलाई थी। रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक के साथ उन्होंने बैठक की।

इससे बीच मुख्यमंत्री आवास पर हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायकों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।

Click to listen highlighted text!