इंद्र वशिष्ठ / नई दिल्ली

एनआईए ने डंकी रूट से लोगों को अमेरिका ले जाने वाले दो मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है।  एनआईए के अनुसार हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में दो स्थानों पर तलाशी के बाद  धर्मशाला, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के सनी उर्फ ​​सनी डोनकर और रोपड़ (पंजाब) के शुभम संधाल उर्फ ​​दीप हुंडी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। हवाला कारोबारी शुभम वर्तमान में पीरागढ़ी, दिल्ली में रह रहा था। ये दोनों इस साल मार्च में गिरफ्तार किए गए मानव तस्कर गगनदीप सिंह उर्फ ​​गोल्डी के सहयोगी हैं। 

तिलक नगर, दिल्ली निवासी गगनदीप को एक पीड़ित की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया था, जिसे कुख्यात डंकी रूट से अवैध रूप से अमेरिका ले जाया गया था और इस साल फरवरी में उसे वापस भारत भेज दिया गया था। 

एनआईए को जांच में पता चला कि गगनदीप सिंह उर्फ ​​गोल्डी प्रत्येक व्यक्ति से वैध कानूनी वीजा पर उन्हें अमेरिका भेजने के नाम पर करीब 45 लाख रुपये लेता था। इसके बाद वह उन्हें अवैध तरीके से स्पेन, अल-साल्वाडोर, ग्वाटेमाला और मैक्सिको सहित कई देशों के रास्ते कठिन यात्रा पर भेज देता था। गिरफ्तार होने से पहले उसने 100 से अधिक लोगों को इस अवैध तरीके से अमेरिका भेजा था। सनी, गगनदीप सिंह का मुख्य सहयोगी/डोनकर है। उसने डंकी मार्ग पर पीड़ितों की यात्रा के इंतजाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पीड़ितों को रास्ते में डोनकर और एजेंटों द्वारा अधिक पैसे वसूलने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शुभम संधाल उर्फ ​​दीप हुंडी हवाला कूरियर ऑपरेटर है। गगनदीप ने पीड़ितों से लिए गए पैसे का कुछ हिस्सा लैटिन अमेरिका में स्थित डोनकरों को हस्तांतरित करने के लिए उसका इस्तेमाल किया।

डंकी रूट- अवैध तरीके से विदेश जाने के लिए जो रास्ता अपनाया जाता है उसे डंकी रूट कहते हैं।

एनआईए ने 13 मार्च 2025 को पंजाब पुलिस से मामले को अपने हाथ में लिया था, पूरे अवैध रैकेट और साजिश को उजागर करने के लिए जांच जारी है।