Last Updated on February 17, 2026 12:06 am by INDIAN AWAAZ
विश्व यूनानी चिकित्सा दिवस पर राष्ट्रीय स्तर का भव्य आयोजन

AMN / LUCKNOW
लखनऊ: ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस (उत्तर प्रदेश) की ओर से विश्व यूनानी चिकित्सा दिवस के अवसर पर रवीन्द्रालय ऑडिटोरियम, लखनऊ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर मुश्ताक अहमद ने की। इस मौके पर देशभर से बड़ी संख्या में यूनानी चिकित्सक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर मांग की गई कि यूनानी चिकित्सा के समुचित विकास और प्रशासनिक मजबूती के लिए दिल्ली, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और असम के आयुष विभागों में डिप्टी डायरेक्टर (यूनानी) की नियुक्ति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही कांग्रेस ने महान स्वतंत्रता सेनानी एवं यूनानी चिकित्सा के प्रमुख स्तंभ मसीह-उल-मुल्क हकीम अजमल खां को भारत रत्न दिए जाने तथा उनके नाम पर राष्ट्रीय यूनानी विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद, नई दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर प्रदीप कुमार प्रजापति रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयुष मंत्रालय की स्थापना पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार ने हकीम अजमल खां के जन्मदिवस को यूनानी चिकित्सा दिवस के रूप में मान्यता दी है, जिससे उनके योगदान और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को समझने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली (शाही इमाम, ईदगाह लखनऊ) सहित प्रोफेसर अब्दुल हलीम, डॉ. महमूद अहसन सिद्दीकी, डॉ. रघुवीर सिंह, प्रोफेसर अब्दुल क़वी, डॉ. सिकंदर हयात सिद्दीकी, प्रोफेसर मोहम्मद इदरीस, प्रोफेसर एस. एम. आरिफ ज़ैदी, प्रोफेसर राशिद काज़ी, डॉ. टी. यू. सिद्दीकी, डॉ. नज्मुस्सहर, डॉ. शुजाउद्दीन अहमद और डॉ. सैयद अहमद खान समेत कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए बड़ी संख्या में यूनानी चिकित्सक, शोधकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर ‘विश्व यूनानी चिकित्सा दिवस 2026’ विशेषांक का विमोचन भी किया गया, जिसमें डॉ. मोहम्मद फ़ज़लुर्रहमान शरर मिस्बाही के जीवन और सेवाओं पर विशेष सामग्री प्रकाशित की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न चिकित्सकों एवं संस्थानों को उनके योगदान के लिए ‘हकीम अजमल खां विश्व यूनानी चिकित्सा दिवस पुरस्कार’ और ‘हकीम अजमल खां सुपर स्टार’ सम्मान से भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस. एम. अहसन ऐजाज़ ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
