Last Updated on January 27, 2026 9:58 pm by INDIAN AWAAZ

AMN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूरोपीय संघ के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन के बीच नई दिल्ली में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन के बाद ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। वार्ता के बाद व्यापार, सुरक्षा, रक्षा साझेदारी, गतिशीलता, आपदा जोखिम प्रबंधन और हरित हाइड्रोजन सहित कई क्षेत्रों में समझौते भी हुए।
संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने मुक्त व्यापार समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे किसानों और लघु और मध्यम उद्यमों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि भारत ने आज यूरोपीय संघ के साथ सबसे बड़ा मुक्त व्यापार समझौता किया है। श्री मोदी ने कहा कि इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा, नई नवाचार साझेदारियां बनेंगी और वैश्विक स्तर पर आपूर्ति श्रृंखलाएं मजबूत होंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के संबंध मजबूत हुए हैं और नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यापार समझौता नहीं, बल्कि साझा समृद्धि का एक नया खाका है।
श्री मोदी ने कहा कि सुरक्षा और रक्षा साझेदारी भारत और यूरोपीय संघ के बीच आतंकवाद विरोधी, समुद्री और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और बढाएगी। उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ की साझेदारी वैश्विक हित में है और भारत-यूरोपीय संघ के संबंध वैश्विक व्यवस्था में चल रही उथल-पुथल में स्थिरता लाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक संस्थानों में सुधारों पर बल देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन एक महत्वपूर्ण मोड़ है।
यूरोपीय संघ के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि यह सम्मेलन दुनिया को स्पष्ट संदेश देता है कि वैश्विक परिदृश्य में हो रहे बदलावों के दौर में भारत और यूरोपीय संघ रणनीतिक और विश्वसनीय साझेदार के रूप में एक साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ को मिलकर वैश्विक मुद्दों पर नेतृत्व करना होगा।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन ने मुक्त समझौता को बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस समझौते को मदर ऑफ ऑल डील्स बताया। उन्होंने कहा कि इससे भारत और यूरोप में लाखों श्रमिकों के लिए रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने असाधारण आतिथ्य सत्कार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि भारत ने प्रगति की है और यूरोप इससे बेहद खुश है। भारत की सफलता से विश्व अधिक स्थिर, समृद्ध और सुरक्षित है।
