स्टाफ रिपोर्टर

मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा है कि सरकार को ऐसे प्रयास करने चाहिए जिससे भारतीय परिवार अपनी बचत का बड़ा हिस्सा दीर्घकालिक पेंशन योजनाओं में निवेश करें। उन्होंने कहा कि घरेलू बचत में पेंशन और बीमा परिसंपत्तियों की हिस्सेदारी अभी भी अपेक्षाकृत कम बनी हुई है।

नई दिल्ली में आयोजित एनपीएस दिवस 2026 कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नागेश्वरन ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय परिवारों की बचत की प्रवृत्ति में उल्लेखनीय बदलाव आया है और बाजार से जुड़े निवेश विकल्पों की ओर रुझान बढ़ा है। हालांकि, पेंशन बचत की वृद्धि उसी गति से नहीं हो पाई है।

उन्होंने कहा कि देश में सेवानिवृत्ति सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पेंशन उत्पादों को अधिक सरल, सुलभ और आकर्षक बनाने की आवश्यकता है। साथ ही, बेहतर रिटायरमेंट आय समाधान विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि लोगों को वृद्धावस्था में स्थिर और सुरक्षित आय उपलब्ध हो सके।

मुख्य आर्थिक सलाहकार ने कहा कि आने वाले वर्षों में रिटायरमेंट आय योजनाओं, व्यवस्थित निकासी (ड्रॉडाउन) व्यवस्था तथा सुनिश्चित भुगतान (अश्योर्ड पेआउट) जैसे विकल्पों का विकास नीति निर्माताओं और वित्तीय संस्थानों के लिए प्रमुख प्राथमिकता बना रहेगा।

एनपीएस दिवस 2026 ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) की निरंतर प्रगति, बढ़ती जागरूकता और व्यापक पहुंच को रेखांकित किया। इस अवसर पर लोगों को पेंशन योजना के महत्व के प्रति जागरूक करने और वित्तीय रूप से सुरक्षित भविष्य के निर्माण के लिए एनपीएस से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।