Last Updated on December 25, 2022 11:49 pm by INDIAN AWAAZ

AMN
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि भारत ने वर्ष 2022 में हर क्षेत्र में बढ़ चढ़ कर काम किया। आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि 2022 की विभिन्न सफलताओं ने विश्व भर में भारत को विशेष स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि 2022 ऐसा वर्ष रहा जिसमें भारत को दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थ-व्यवस्था का दर्जा मिला और उसने 220 करोड़ कोविड वैक्सिन लगाने का रिकॉर्ड पार किया। उन्होंने कहा कि भारत ने चार सौ अरब डॉलर के निर्यात का जादुई आंकड़ा पार किया और प्रथम स्वदेशी एयरक्राप्ट करियर आईएनएस विक्रांत का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने खुशी जाहिर की कि भारतीय युवाओं ने खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में देश के प्रदर्शन और महिला हॉकी टीम की विजय की भी चर्चा की। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष लोगों की शक्ति, सहयोग और संकल्प की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के विस्तार के लिए जाना जायेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष के दौरान एकता और एकजुटता व्यक्त करने के लिए लोगों ने अनेक कार्यक्रम आयोजित किए। उन्होंने गुजरात में माधवपुर मेले की चर्चा की, जहां रुक्मणी विवाह और पूर्वोत्तर के साथ भगवान कृष्ण का सम्बन्ध दर्शाया गया। उन्होंने काशी-तमिल संगमम का जिक्र करते हुए कहा कि इन उत्सवों में एकता के अनेक रंग दिखाई दिए। श्री मोदी ने अगस्त में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छह करोड़ से अधिक लोगों ने बड़े गर्व के साथ तिरंगे के साथ सेल्फी भेजी।
उन्होंने कहा कि आजादी का यह अमृत महोत्सव अगले साल भी चलेगा और अमृत काल की नींव को और मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष भारत को जी-20 समूह की अध्यक्षता की जिम्मेदारी भी मिली। उन्होंने कहा कि 2023 में जी-20 केे उत्साह काे हमें नयी ऊंचाइयों पर लेकर जाना है और इसे जन अंदोलन का रूप देना है।
