Welcome to The Indian Awaaz   Click to listen highlighted text! Welcome to The Indian Awaaz

AMN

देश भर में आज ईस्टर का त्योहार मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है ईस्टर खुशी, प्रेम और करुणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यीशु मसीह ने सत्य और न्याय के लिए अपने जीवन का उत्सर्ग कर प्रेम और क्षमा का संदेश दिया। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि यीशु मसीह का जीवन दया और बलिदान का एक आदर्श उदाहरण है। उन्होंने लोगों से ईसा के आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम और सद्भाव बढ़ाने तथा राष्ट्र के विकास में योगदान का प्रण लेने की अपील की।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि ईस्टर ईसा के पुनर्जीवित होने की याद दिलाता है। श्री धनखड़ ने कहा कि यह प्रेम, करुणा और क्षमा की परिवर्तनकारी शक्ति का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि ईस्टर समाज में सद्भाव को और गहरा करता है। उन्होंने कहा कि यह लोगों को समाज-सेवा और पिछड़ों को सशक्त करने के लिए प्रेरित करता है। श्री मोदी ने कहा कि हमें ईसा के नेक विचारों को याद रखना चाहिए।

दुनिया भर में इसाई समुदाय गुड फ्राइडे के बाद आने वाले रविवार को ईस्टर के रूप में मनाता है। बाइबिल की मान्यता के अनुसार, ईसा को गुड फ्राइडे के दिन सूली पर चढ़ाया गया था और तीन दिन बाद यानी ईस्टर संडे को वे पुनः जीवित हो गए थे।

Click to listen highlighted text!