Last Updated on September 12, 2026 2:00 pm by INDIAN AWAAZ
AMN/ WEB DESK
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अलग इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. आबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने आर्थिक सहयोग, रक्षा एवं सुरक्षा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी की सराहना की और कहा कि इससे ग्लोबल साउथ की सामूहिक आवाज को मजबूती मिली है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ भी बैठक की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के निरंतर समर्थन की सराहना की।
वियतनाम के प्रधानमंत्री ली मिन्ह हंग के साथ बैठक में श्री मोदी ने ब्रिक्स में साझेदार देश के रूप में वियतनाम की भागीदारी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता की। प्रधानमंत्री मोदी आज शाम में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

