Last Updated on November 15, 2026 2:46 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। श्री मोदी इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य देशभर के जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।

इसके अलावा, श्री मोदी 173 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान-पीएम जनमन के अंतर्गत 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। ये केंद्र सेवाओं की उपलब्धता और सामुदायिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेंगे।

प्रधानमंत्री 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों की आधारशिला भी रखेंगे। वे पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कई अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन दोनों अभियानों के अंतर्गत 42 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

श्री मोदी अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान के भवन और मिजोरम में रानी रूपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन करेंगे। इनका उद्देश्य जनजातीय संस्कृति और विरासत का संरक्षण करना है।

यह कार्यक्रम देशभर में इस महीने की पहली से 15 तारीख तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव पखवाड़े के समापन का प्रतीक होगा।