Last Updated on November 13, 2026 9:46 pm by INDIAN AWAAZ
AMN/ WEB DESK
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए भी खोल दिया है। इससे युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजन हुए हैं। आज युवा उद्यमी अपने रॉकेट बना रहे हैं, उपग्रहों को कक्षा में स्थापित कर रहे हैं और ऐसे प्रयोग कर रहे हैं, जो भारत में पहले कभी नहीं किए गए।
प्रधानमंत्री ने आज मैसूरु में देश के पहले एलईडी तारामंडल और दुनिया के पहले झुके हुए एलईडी डोम तारामंडल ‘कॉसमॉस-मैसूरु’ को राष्ट्र को समर्पित किया। इसका निर्माण चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित जयचामराजा वाडियार सेंटर फॉर हायर लर्निंग में किया गया है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में विज्ञान और आध्यात्म की परंपराएं हमेशा साथ-साथ आगे बढ़ी हैं। आध्यात्म हमें अपने भीतर झांकने की प्रेरणा देता है, जबकि ब्रह्मांड का अध्ययन हमें आकाश की ओर देखने के लिए प्रेरित करता है।
श्री मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने आकाश का अध्ययन कर तारों और ग्रहों की गति को समझा और पंचांग तैयार किए। उन्होंने सूर्य और चंद्र ग्रहण के समय की सटीक गणना की। आर्यभट्ट और वराहमिहिर जैसे महान खगोलविदों और विचारकों ने आधुनिक तकनीक के आने से बहुत पहले ही महत्वपूर्ण खोजें कीं और जटिल गणनाएं कीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम समाज के कल्याण के लिए काम कर रहा है। इसरो ने मछुआरों की सुरक्षा के लिए एक विशेष उपग्रह आधारित प्रणाली विकसित की है, जो उन्हें समुद्र में सुरक्षित रास्ता खोजने में मदद करती है। इसी तरह, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान समय रहते चेतावनी देने में भी अंतरिक्ष तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
