Last Updated on November 13, 2026 9:42 pm by INDIAN AWAAZ
AMN/ WEB DESK
असम में आज काजीरंगा के पास रंगाजन में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 23 लोगों की मौत । यह हादसा एक यात्री वाहन और ट्रेलर के बीच टक्कर के कारण हुआ।
यात्री वाहन में 35 से अधिक लोग सवार थे। दुर्घटना में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बोकाखाट तथा गोलाघाट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के गोलाघाट जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने असम के काजीरंगा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य मंत्रिमंडल के मंत्री अतुल बोरा राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
