Last Updated on November 13, 2026 10:12 pm by INDIAN AWAAZ
डिवाइडर की टक्कर और ‘हाइवे हिप्नोसिस’ निगल रहे जिंदगियां

ओ.पी. पाल
दुनियाभर में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली असामयिक मौतों के मामले में भारत आज भी शीर्ष पर बना हुआ है। इस भयावह वास्तविकता पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने यातायात नियमों में व्यापक संशोधन किए और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने व दंड का दायरा भी कई गुना बढ़ाया। यही नहीं, पिछले करीब डेढ़ दशक में देशभर में नागरिकों को कम समय में, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की दिशा में सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और दुर्घटना संभावित ‘ब्लैक स्पॉट’ चिन्हित कर उन्हें दुरुस्त करने का सिलसिला लगातार जारी है। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और ग्रामीण संपर्क मार्गों के साथ-साथ लंबी दूरियों के लिए देश में चार से छह लेन और कई स्थानों पर आठ लेन तक के आधुनिक एक्सप्रेस-वे और हाइवे का जाल बिछाया गया है। इस आधुनिक सड़क परिवहन नीति का एक बड़ा सकारात्मक परिणाम यह रहा है कि अब दोतरफा यातायात वाले संकरे मार्गों की तुलना में वाहनों की आमने-सामने की टक्कर (हेड-ऑन कोलिजन) की घटनाओं में काफी कमी आई है। लेकिन, सिक्के का दूसरा पहलू बेहद डरावना है? मसलन सवालिया तथ्य यह है कि एक्सप्रेस-वे और हाइवे पर बने डिवाइडर और किनारों पर लगे अवरोधक ही असामयिक मौतों का सबब और वाहनों में आग क्यों लग रही है? क्या इसके पीछे वाहनों की बढ़ती रफ्तार और चालकों की मानवीय लापरवाहीं है अथवा कोई अन्य कारण?
पिछले एक दशक में आए चौंकाने वाले आंकड़े
यदि पिछले एक दशक (लगभग 2015 से 2025-26 तक) के सड़क दुर्घटनाओं के रुझानों और सरकारी रिपोर्टों का विश्लेषण किया जाए, तो एक गंभीर विरोधाभास उभरकर सामने आता है। भारत में प्रतिवर्ष औसतन साढ़े चार से पौने पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की जाती हैं, जिनमें हर साल लगभग डेढ़ लाख से अधिक लोग अपनी जान गंवा देते हैं, जबकि चार लाख से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल या स्थायी रूप से दिव्यांग हो जाते हैं। पिछले दस वर्षों में ही भारत की सड़कों पर 15 लाख से अधिक लोगों की असमय मृत्यु हुई है, जो किसी भी महामारी या युद्ध से होने वाली क्षति से कम नहीं है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़ों पर गौर करें तो देश के कुल सड़क नेटवर्क में राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे की हिस्सेदारी महज 2 से 3 प्रतिशत के आसपास है, लेकिन देश में होने वाली कुल सड़क दुर्घटनाओं में से लगभग 30 से 32 प्रतिशत हादसे और कुल मौतों में से करीब 35 से 37 प्रतिशत मौतें इन्हीं राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर होती हैं। पिछले एक दशक में जैसे-जैसे एक्सप्रेस-वे की लंबाई बढ़ी है, वैसे-वैसे ‘रन-ऑफ-रोड’ (सड़क से उतरकर डिवाइडर या बैरियर से टकराने) और पीछे से वाहनों के टकराने (रियर-एंड कोलिजन) की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। आंकड़े बताते हैं कि कुल सड़क हादसों में से लगभग 70 प्रतिशत से अधिक दुर्घटनाओं के पीछे केवल ‘ओवरस्पीडिंग’ यानी निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाना मुख्य कारण रहा है।
त्योहारों की खुशियों को निगल रहे हैं रफ्तार के हादसे
हाल ही में दीपावली के पर्व पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों में अपने निजी वाहनों से परिवार संग त्योहार मनाने जा रहे लोग इन रफ्तार भरी सड़कों पर काल का ग्रास बन गए। दीपावली की रात उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा हाइवे पर हरियाणा के हांसी जिले से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहा छह युवा दोस्त भीषण हादसे का शिकार हो गये। कार डिवाइडर के बिजली से टकराकर आग का गोला बन गई और उसमें सवार सभी जिंदा जल गए। इसी तरह, उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर नोएडा की एक सॉफ्टवेयर कंपनी के संचालक इंजीनियर, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों का पूरा परिवार कार के डिवाइडर से टकराने के कारण मौत के मुंह में समा गया। देशभर में ऐसे सैकड़ों हृदयविदारक हादसे घटित हो चुके हैं, जिन्होंने पल भर में हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। इसी तरह देश में ऐसे कई हादसे हुए, जिनमें एक्सप्रेस वे व हाइवे पर सड़क के किनारे बेतरतीब खड़े ट्रक या कैंटर जैसे वाहनों में तेज रफ्तार कारे व दुपहिया वाहन पीछे से घुसने के कारण गंतव्य से पहले ही जान गंवा चुके हैं।
डिवाइडर क्यों बन रहे हैं काल और वाहनों में क्यों लग रही है आग?
आधुनिक एक्सप्रेस-वे और हाइवे पर वाहनों को विपरीत दिशा के यातायात से बचाने के लिए कंक्रीट के ऊंचे डिवाइडर या स्टील के क्रैश बैरियर बनाए जाते हैं। जब कोई वाहन 100 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अनियंत्रित होकर सीधे इन ठोस कंक्रीट के डिवाइडरों से टकराता है, तो टकराव की ऊर्जा (काइनेटिक एनर्जी) इतनी अधिक होती है कि आधुनिक से आधुनिक कार का ढांचा भी उसे पूरी तरह सोख नहीं पाता। इस भीषण टक्कर के कारण इंजन के हिस्से, ईंधन की पाइपलाइन और बैटरी के तार क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे शॉर्ट-सर्किट या ईंधन रिसाव के कारण चंद सेकंड में वाहन आग के गोले में तब्दील हो जाता है। इसके अतिरिक्त, पिछले कुछ वर्षों में हाइवे पर बिना किसी टकराव के भी चलती गाड़ियों में अचानक आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इसके पीछे सीएनजी किट का अनधिकृत या घटिया तरीके से लगवाना, समय पर सिलेंडर और वाल्व की हाइड्रो-टेस्टिंग न कराना, तथा गाड़ी में आफ्टर-मार्केट सस्ती वायरिंग और अतिरिक्त एक्सेसरीज लगवाना प्रमुख कारण हैं। तेज रफ्तार में लगातार चलने से इंजन का तापमान अत्यधिक बढ़ जाता है, और मामूली चिंगारी या गैस रिसाव भी भयानक अग्निकांड का रूप ले लेता है।
दुर्घटनाओं के पीछे छिपे प्रमुख मानवीय और तकनीकी कारण
एक्सप्रेस-वे पर होने वाले हादसों के लिए केवल सड़कों की बनावट को दोष देना उचित नहीं होगा। इसके पीछे कई जटिल मानवीय, यांत्रिक और पर्यावरणीय कारण जिम्मेदार हैं? दरअसल एक्सप्रेस-वे एकदम सीधे, समतल और अवरोध-मुक्त होते हैं। लगातार एक ही गति और एक जैसे दृश्य को देखते हुए वाहन चलाने से चालक का मस्तिष्क एक प्रकार की तंद्रा या ‘हाइवे हिप्नोसिस’ में चला जाता है। विशेष रूप से रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच चालक को पलक झपकते ही नींद की झपकी आ जाती है और 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर महज दो सेकंड की झपकी वाहन को 50-60 मीटर दूर डिवाइडर से टकराने के लिए पर्याप्त होती है। रफ्तार की अंधी होड़ और लेन अनुशासन की कमी की वजह से चिकनी सड़कों को देखते ही कई चालक अपनी गाड़ी की क्षमता और सड़क की गति सीमा को भूलकर रफ्तार की प्रतिस्पर्धा करने लगते हैं। भारत में लेन ड्राइविंग के प्रति जागरूकता का घोर अभाव है। यही नहीं लंबे समय तक उच्च गति पर चलने से टायरों के भीतर की हवा गर्म होकर फैलती है। पुराने, घिसे हुए टायर या कम/अधिक हवा का दबाव होने पर तेज रफ्तार में टायर फट जाता है, जिससे चालक का वाहन पर से नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो जाता है। कई हाइवे पर ढाबों के सामने या सड़क के किनारे बिना इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के भारी ट्रक खड़े रहते हैं। रात के अंधेरे या कोहरे में तेज रफ्तार कारें इन खड़े वाहनों में पीछे से जा घुसती हैं। इसके अलावा, फेंसिंग टूटने के कारण एक्सप्रेस-वे पर अचानक नीलगाय या आवारा पशुओं का आ जाना भी बड़े हादसों को जन्म देता है।
इंजीनियरिंग और आधुनिक तकनीक से संभव है बचाव
सड़क हादसों को कम करने के लिए केवल चालान काटना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्नत सड़क इंजीनियरिंग और ऑटोमोबाइल तकनीक का समन्वय आवश्यक है। कंक्रीट के सख्त डिवाइडरों के स्थान पर अब दुनियाभर में ‘रोलर क्रैश बैरियर’ और ‘डब्ल्यू-बीम मेटल क्रैश बैरियर’ का उपयोग बढ़ रहा है। रोलर बैरियर टकराने वाले वाहन की गति को घुमाकर कम कर देते हैं, जिससे वाहन पलटने या चकनाचूर होने के बजाय सड़क पर ही संभल जाता है। इसके साथ ही सड़क के किनारों और डिवाइडर के पास ‘रंबल स्ट्रिप्स’ (उभरी हुई पट्टियां) बनाना बेहद कारगर है; जैसे ही नींद की झपकी के कारण वाहन अपनी लेन से भटकता है, इन पट्टियों से गुजरने पर तेज कंपन और आवाज होती है, जिससे चालक तुरंत सतर्क हो जाता है। वहीं ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अब ‘एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम’, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन-कीप असिस्ट, और ड्राइवर ड्राउजिनेस डिटेक्शन (चालक की थकान व नींद पहचानने वाला सेंसर) जैसी तकनीकों को किफायती वाहनों में भी अनिवार्य करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा, सीएनजी वाहनों के लिए सख्त सुरक्षा ऑडिट और वाहनों में ‘फायर सप्रेशन सिस्टम’ या आसानी से उपलब्ध अग्निशमन यंत्र व सीटबेल्ट कटर रखना जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
बुनियादी विकास के साथ मानवीय सोच में बदलाव की आवश्यकता
विदेशी सड़कों की गति सीमा से भारत की तुलना करना तब तक बेमानी होगा, जब तक हमारे वाहन चालक यातायात अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा नहीं बनाते। देश में बढ़ते विश्वस्तरीय बुनियादी विकास के साथ-साथ अब इंसान को भी अपनी मानसिकता और ड्राइविंग की आदतों को बदलने की सख्त जरूरत है। हर यात्रा से पहले वाहन की तकनीकी जांच, हर दो घंटे के सफर के बाद 10-15 मिनट का विश्राम, सीटबेल्ट का अनिवार्य उपयोग और गति सीमा का सम्मान ये छोटे-छोटे कदम लाखों अनमोल जिंदगियों को बचा सकते हैं। भारत के लिए अगली सबसे बड़ी चुनौती केवल तेज परिवहन नेटवर्क बनाने की नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित, टिकाऊ, सुलभ और मानवीय संवेदनाओं के अनुकूल बनाने की है। जब सड़क की आधुनिकता और चालक की सजगता एक साथ कदम मिलाएंगे, तभी हमारे एक्सप्रेस-वे और हाइवे वास्तव में ‘विकास के गलियारे’ बन सकेंगे।
ओ.पी. पाल (लेखक एवं स्वतंत्र पत्रकार)
