Last Updated on November 10, 2026 3:54 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज नई दिल्ली में यमुना नदी पर मनोरंजन के लिए क्रूज़ सेवा की शुरुआत की। नमो यमुना रिवर सफारी नाम की यह क्रूज़ सेवा सोनिया विहार से जगतपुर के बीच यमुना नदी में छह किलोमीटर के दायरे में चलेगी। क्रूज़ सेवा का टिकट शुल्क प्रति व्यक्ति पांच सौ रुपये है, जबकि परिसर में प्रवेश के लिए प्रवेश टिकट पचास रुपये प्रति व्यक्ति होगा।

इस अवसर पर श्री सोनोवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना की सफाई और इसके पानी को लोगों के जीवन के लिए उपयोगी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लोग पहली बार नमो यमुना रिवर सफारी क्रूज़ सेवा का अनुभव कर सकेंगे। उन्होंने दिल्लीवासियों से परिवार के साथ इस सेवा का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे देश की राजधानी दिल्ली की सकारात्मक छवि सामने आएगी।

श्रीमती गुप्ता ने बताया कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने दिल्ली में यातायात की भीड़ कम करने के लिए एक लाख 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार जनता के हित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस नई क्रूज़ सेवा के तहत पर्यटकों को सोनिया विहार से जगतपुर के बीच छह किलोमीटर की दूरी का सफर तय करने का अवसर मिलेगा।