Last Updated on August 31, 2026 12:30 am by INDIAN AWAAZ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि बदलते समय के साथ भारत रक्षा क्षेत्र में आत्‍मनिर्भरता हासिल करने के लिए तेजी से आगे बढ रहा है। उन्‍होंने कहा कि देश अपनी रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी में बुनियादी कायाकल्‍प का साक्षी बन रहा है। आज लखनऊ में पीएम-सेतु इंडस्‍ट्री कॉनक्‍लेव में रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार स्‍वदेशी डिजाइन को प्रोत्‍साहन दे रही है, घरेलू विनिर्माण को मजबूत कर रही है और रक्षा क्षेत्र में निजी क्षेत्र तथा सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों की भागीदारी को बढा रही है।

श्री सिंह ने कहा कि पीएम-सेतु भारत की जनांकिकीय शक्ति का पूरा लाभ उठाने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत एक हजार सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्‍थानों को दो सौ हब्‍स और आठ सौ स्‍पॉक्‍स के आधार पर उन्‍नत बनाया गया है।

इससे पहले, रक्षा मंत्री ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍य नाथ की उपस्थिति में लगभग एक सौ एक करोड रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास किया। उन्‍होंने कहा कि सबके लिए उत्‍कृष्‍ट शिक्षा, स्‍वच्‍छ पानी, रोजगार के अवसर और सम्‍मान सुनिश्चित करने के लिए समावेशी विकास विकसित भारत की वास्‍तविक शक्ति है। रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ साहित विभिन्‍न छावनी क्षेत्रों में लागू किये जा रहे भवन निर्माण नियमों ने ढांचागत विकास और निर्माण के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं।

रक्षा मंत्री ने स्‍वाधीनता सेनानी रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्‍होंने कहा कि महिला पायलटों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई। रक्षा मंत्री ने कहा कि ये नये दौर की महिलाएं हैं और सरकार उन्‍हें अवसर और सुरक्षा उपलब्‍ध करा रही है।