
भारत आने वाले चीनी नागरिकों के लिए अगले सप्ताह से वीजा प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। चीन में भारत के राजदूत विक्रम दुरईस्वामी ने चीन की राजधानी पेइचिंग में, पहली ओपन हाउस वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास सांस्कृतिक आयोजन बढ़ाएगा, कामकाजी भारतीयों के लिए कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगा और कांसुलर सेवाओं में सुधार के लिए ओपन हाउस वार्ता नियमित रूप से आयोजित करने की योजना है।
सोशल मीडिया पर भारत-विरोधी सूचनाओं के प्रचार पर श्री दुरईस्वामी ने कहा कि चीन सरकार भी इस बारे में चिंतित है और आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि दूतावास, गलत सूचनाओं से निपटने के लिए तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
भारत और चीन के बीच सीमा पार व्यापार करीब छह वर्ष बाद शिपकी-ला दर्रे के माध्यम से फिर शुरू
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शिपकी-ला दर्रे के माध्यम से भारत और चीन के बीच सीमा पार व्यापार करीब छह वर्ष बाद फिर शुरू हो गया है। किन्नौर जिले के पूह उपमंडल की सीमावर्ती पंचायत नमज्ञा में आज राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने छुपन ट्रेड मार्ट का उद्घाटन किया और 17 व्यापारियों के दल को सीमा पार व्यापार के लिए रवाना किया। कोविड-19 महामारी के बाद वर्ष 2020 से यह व्यापार बंद था। अब इसके दोबारा शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
