Last Updated on April 21, 2026 12:03 am by INDIAN AWAAZ

भारत और अमरीका के बीच वाशिंगटन में व्यापार वार्ता का एक नया दौर शुरू हुआ है। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना है। भारतीय अधिकारियों का एक दल 20 से 22 अप्रैल तक निर्धारित तीन दिवसीय वार्ता के लिए अमरीका पहुंचा है। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव और भारत के मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन कर रहे हैं। उनके साथ सीमा शुल्क विभाग और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
ये चर्चाएं द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर वार्ता का अगला कदम हैं, जो दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यवस्था को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से पहले हुए दौरों पर आधारित हैं। अधिकारियों ने कहा कि वाशिंगटन बैठक में अंतरिम व्यापार समझौते पर पहले से हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाने की उम्मीद है। ये वार्ताएं ऐसे समय में हो रही हैं जब अमरीकी टैरिफ व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं, जिससे पहले की सहमति जटिल हो गई है।
भारत का व्यापार प्रतिनिधिमंडल करेगा अमरीका का दौरा

भारत का एक व्यापार प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह अमरीका का दौरा करेगा। भारत में अमरीका राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी साझा की। उन्होंने इस दौरे को द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने इसे दोनों देशों के लिए लाभकारी कहा।
