Last Updated on November 24, 2026 9:13 pm by INDIAN AWAAZ

अंदलीब अख्तर / नई दिल्ली

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू हो गई है, लेकिन शुरुआती संकेत बताते हैं कि दोनों दलों के बीच सहमति बनाना आसान नहीं होगा। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से 37 पर जीत दर्ज कर इंडिया गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी सपा कांग्रेस को 70 से अधिक विधानसभा सीटें देने के पक्ष में नहीं है। ऐसे में कांग्रेस के सामने गठबंधन बनाए रखने और अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को 60 से 70 सीटों के दायरे में बातचीत पूरी करने का संकेत दिया है। सूत्रों का कहना है कि हाईकमान ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित कोटे से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस नेता जरूरत पड़ने पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर भी मैदान में उतर सकते हैं। इसका उद्देश्य व्यक्तिगत दावेदारी को लेकर गठबंधन में किसी तरह का टकराव रोकना है।

हालांकि, अब तक कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता ने सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टी की आधिकारिक स्थिति या बातचीत की प्रगति पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। पार्टी नेतृत्व फिलहाल इस मुद्दे पर सावधानी बरत रहा है, ताकि बातचीत के बीच किसी तरह का राजनीतिक विवाद न खड़ा हो।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अपने सहयोगी दलों को पर्याप्त राजनीतिक जगह देने और सीटों के मामले में लचीला रुख अपनाने के लिए तैयार है। पार्टी की तत्काल प्राथमिकता इंडिया गठबंधन की एकजुटता बनाए रखना और सीटों के बंटवारे को लेकर किसी सार्वजनिक मतभेद से बचना है, ताकि प्रदेश में विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक तालमेल प्रभावित न हो।

इस बीच, सीट बंटवारे पर बातचीत के साथ ही कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की तैयारी कर रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 10 दिसंबर से चुनावी अभियान शुरू करने की योजना है। राहुल गांधी के सहारनपुर से इस अभियान की शुरुआत करने की संभावना है। इसके जरिए पार्टी अपने संगठन को सक्रिय करने और प्रदेश में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश करेगी।

आने वाले कुछ सप्ताह सपा-कांग्रेस गठबंधन की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे। सीटों की संख्या, विधानसभा क्षेत्रों का आपसी समायोजन और चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को समायोजित करना दोनों दलों के लिए बातचीत के प्रमुख मुद्दे बने रहेंगे।