Last Updated on April 16, 2025 11:54 pm by INDIAN AWAAZ

इलाहाबाद हाईकोर्ट को मिले छह नए जज, केंद्र सरकार ने की नियुक्ति

केंद्र सरकार ने आज बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के लिए छह नए न्यायिक अधिकारियों को जज नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है। कानून और न्याय मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश की सलाह से इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। न्यायिक अधिकारियों में जितेंद्र कुमार सिन्हा, अनिल कुमार, संदीप जैन, अवनीश सक्सेना, मदन पाल सिंह और हर्वीर सिंह शामिल हैं। ये सभी अधिकारी अब इलाहाबाद हाईकोर्ट के नए जज होंगे। ये नियुक्तियां उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।

गौरतलब है कि इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 2 अप्रैल की बैठक में मंजूरी दी थी। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी इन नियुक्तियों की जानकारी एक्स पर साझा की। इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रयागराज में स्थित है और यह उत्तर प्रदेश राज्य के न्यायिक मामलों को संभालता है। इस समय जस्टिस अरुण भंसाली इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हैं।

एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) संजय खन्ना ने जस्टिस भूषण रामकृष्ण गवई को अपना उत्तराधिकारी नामित किया है। यह प्रस्ताव उन्होंने औपचारिक रूप से कानून मंत्रालय को भेज दिया है। जस्टिस गवई, जो वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट के सबसे वरिष्ठ जज हैं, 14 मई 2025 को देश के 52वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। वहीं मौजूदा मुख्य न्यायाधीश संजय खन्ना 13 मई को सेवानिवृत्त होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें शपथ दिलाएंगी। जस्टिस गवई का कार्यकाल लगभग छह महीने का होगा और वे नवंबर 2025 में रिटायर होंगे।