AMN / नई दिल्ली


सरकार ने शुक्रवार को देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर आश्वासन देते हुए कहा कि सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू LPG उत्पादन स्थिर है और उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम को लेकर नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में 11,300 टन से अधिक वाणिज्यिक LPG की आपूर्ति की गई है। उन्होंने कहा कि घरेलू LPG उत्पादन में करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे रिटेल आउटलेट्स पर आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि घबराहट में की जा रही बुकिंग में कमी आई है और अब कुल बुकिंग का 93 प्रतिशत ऑनलाइन हो रहा है। ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए देशभर में एक ही दिन में 4,500 से अधिक छापे मारे गए।

इस बीच, पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि समुद्री गतिविधियां सामान्य बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों में कोई घटना सामने नहीं आई है और सभी 22 भारतीय जहाज तथा 611 नाविक सुरक्षित हैं। DG शिपिंग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

उन्होंने बताया कि देश के किसी भी बंदरगाह पर कोई भीड़भाड़ नहीं है और कार्गो मूवमेंट को सुचारु रखने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। न्यू मैंगलोर पोर्ट ने कच्चे तेल और LPG हैंडलिंग शुल्क में रियायत की घोषणा भी की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान, मलेशिया, फ्रांस, जॉर्डन और कतर के नेताओं से बातचीत की है। इस दौरान भारत ने पश्चिम एशिया संकट पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए संवाद, तनाव कम करने और शांति पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा ढांचे पर हमलों की कड़ी निंदा की, वहीं सभी पक्षों ने होरमुज़ जलडमरूमध्य में सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करने पर सहमति जताई।

निकासी अभियान के तहत अब तक 913 भारतीयों को वापस लाया गया है, जिनमें 284 तीर्थयात्री शामिल हैं। इन्हें आर्मेनिया-अज़रबैजान मार्ग के जरिए निकाला गया।

विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (गल्प) असीम महाजन ने बताया कि इराक से बचाए गए 15 भारतीय क्रू सदस्य आज भारत लौट सकते हैं। इससे पहले ओमान से 24 भारतीय नाविक सुरक्षित लौट चुके हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि कतर एयरवेज आज भारत के लिए 10 विशेष उड़ानें संचालित कर सकती है। हालांकि, खाड़ी क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में 6 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है और एक व्यक्ति अभी भी लापता है। सऊदी अरब, ओमान, इराक और यूएई के साथ समन्वय कर लापता व्यक्ति की तलाश और मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की कोशिशें जारी हैं।