Last Updated on May 20, 2026 11:37 pm by INDIAN AWAAZ
इंद्र वशिष्ठ,
एनआईए ने भारत विरोधी आतंकी साजिश के तहत पाकिस्तान के खुफिया अधिकारियों को गोपनीय सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के आरोप में जासूस जफर रियाज उर्फ रिजवी को गिरफ्तार किया है। कोलकाता निवासी जफर रियाज उर्फ रिजवी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था और उसे घोषित अपराधी (पीओ) घोषित करने की प्रक्रिया भी चल रही थी, तभी उसे हिरासत में ले लिया गया। जफर रियाज की शादी पाकिस्तानी नागरिक से हुई थी और उसके बच्चे भी पाकिस्तानी नागरिक हैं। आईपीसी और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत जासूसी के एक मामले में पहले ही दोषी ठहराया जा चुका ज़फ़र 2005 से भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार यात्रा कर रहा था। ऐसी ही एक यात्रा के दौरान पाकिस्तान के खुफ़िया अधिकारियों (पीआईओ) ने उससे संपर्क किया। धन का प्रलोभन और पाकिस्तानी नागरिकता का वादा करके उसे भारत में जासूसी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए राजी किया। जफर ने अन्य जासूसी और आतंकी ऑपरेटरों की मदद के लिए एक पीआईओ को भारतीय दूरसंचार मोबाइल नंबरों के वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) दिए ताकि वह व्हाट्सएप अकाउंट सक्रिय कर सके। पीआईओ ने इन अकाउंट्स का इस्तेमाल सीआरपीएफ के एएसआई मोतीराम जाट से गुप्त रूप से संवाद करने के लिए किया, जाट पीआईओ को सुरक्षा संबंधी गुप्त जानकारी पहुंचाता था।
एनआईए ने पिछले साल मई में सीआरपीएफ के एएसआई मोती राम जाट को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (आईएसआई )के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
एनआईए के अनुसार जासूसी रैकेट में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने और इस साजिश के पीछे की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।
