Last Updated on September 13, 2026 8:37 pm by INDIAN AWAAZ

AMN / मुंबई
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रत्न एवं आभूषण उद्योग से लैब-ग्रोउन डायमंड के पूरे विनिर्माण और कारोबारी इकोसिस्टम को भारत में विकसित करने का आह्वान किया है। 52वें इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी अवॉर्ड समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि लैब-ग्रोउन डायमंड के उभरने से वैश्विक हीरा कारोबार तेजी से बदल रहा है।
उन्होंने कहा कि मात्रा के लिहाज से लैब-ग्रोउन डायमंड का बाजार मौजूदा हीरा बाजार से करीब 50 गुना बड़ा होने की संभावना है। यह भारत के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत के पास आवश्यक बुनियादी ढांचा, पूंजी, तकनीकी क्षमता और उद्यमशीलता मौजूद है।
शाह ने उद्योग से डायमंड निर्माण मशीनरी, उत्पादन, आभूषण निर्माण, ब्रांडिंग और वैश्विक स्तर पर भारतीय कंपनियों के शोरूम स्थापित करने जैसी पूरी वैल्यू चेन विकसित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इससे पहले शाह ने एशियाटिक सोसायटी ऑफ मुंबई में ‘श्री गणेश ज्ञानारति’ नामक पांडुलिपि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से देशभर के लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
