Last Updated on November 27, 2026 7:06 pm by INDIAN AWAAZ

नई दिल्ली | विशेष संवाददाता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार द्वारा अप्रैल में पेश किया गया ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ (Delimitation Bill, 2026) 30 नवंबर को एक बार फिर लोकसभा में परीक्षा की कसौटी पर कसा जाएगा। अप्रैल में दो-तिहाई बहुमत न जुटा पाने के कारण यह विधेयक गिर गया था। हालांकि, पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च (PRS Legislative Research) के ताजा आकलन ने इस पूरी कवायद पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। 2011 की जनगणना और लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्तावित फॉर्मूले पर आधारित इस गणना के मुताबिक, पूर्वोत्तर के आठ में से सात राज्यों को इस विस्तार से एक भी अतिरिक्त सीट नहीं मिलेगी। इस क्षेत्र में केवल असम ही ऐसा राज्य होगा जिसकी सीटें बढ़ेंगी।

पीआरएस के आकलन के अनुसार, प्रस्तावित संशोधनों के लागू होने पर देश के आठ राज्यों और छह केंद्र शासित प्रदेशों (UTs) के संसदीय प्रतिनिधित्व में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। इन क्षेत्रों में लोकसभा सीटों की मौजूदा संख्या जस की तस बनी रहेगी। इस स्थिति ने इस बात पर बहस छेड़ दी है कि आखिर प्रस्तावित फॉर्मूला छोटे राज्यों के हितों की कितनी रक्षा कर पाएगा।

पूर्वोत्तर और छोटे राज्यों का गणित जस का तस

प्रस्तावित 50 प्रतिशत सीट विस्तार का फॉर्मूला पूर्वोत्तर के अधिकांश राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व को लगभग अछूता छोड़ता दिख रहा है। उदाहरण के लिए, 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 36 लाख की आबादी वाले त्रिपुरा में पहले की तरह केवल दो ही लोकसभा सीटें रहेंगी और उसे कोई अतिरिक्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा।

यही स्थिति मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मेघालय के साथ भी रहने का अनुमान है। इनके अलावा गोवा और छह केंद्र शासित प्रदेशों की संसदीय ताकत में भी कोई बदलाव नहीं होगा।

संतुलन बिगड़ने की आशंका

आंकड़ों के इस विश्लेषण से साफ है कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया छोटे और पूर्वोत्तर के राज्यों को कोई ठोस लाभ देती नजर नहीं आ रही, जबकि बड़े राज्यों को संसद में पहले से कहीं ज्यादा हिस्सेदारी मिलने का रास्ता साफ हो रहा है। यदि 50 प्रतिशत विस्तार के बावजूद पूर्वोत्तर में सीटों का बंटवारा अपरिवर्तित रहता है, तो समान प्रतिनिधित्व के इस कवायद के मूल उद्देश्य पर गंभीर सवाल उठना लाजिमी है।

छोटे राज्यों के लिए यह प्रस्तावित बदलाव राजनीतिक प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन की चिंताओं को दूर करने के बजाय महज एक आंकड़ों की कवायद बनकर रह सकता है। दूसरी ओर, बड़े राज्य इस प्रक्रिया के सबसे बड़े लाभार्थी बनकर उभर सकते हैं, जिससे संसद में देश के बड़े और छोटे राज्यों की ताकत के बीच की खाई और चौड़ी होने की आशंका है।