Last Updated on November 15, 2026 2:48 pm by INDIAN AWAAZ
AMN
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर की ओर केंद्रित है। इसके पश्चिमोत्तर दिशा में आगे बढ़ने और कल दक्षिण तथा उससे सटे बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्यवर्ती इलाकों में चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है। मंगलवार तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में बदलने की आशंका है। अगले दो दिनों के दौरान इसके और तीव्र होकर पश्चिमोत्तर दिशा में आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने समुद्र में मौजूद मछुआरों को तत्काल तट पर लौटने की सलाह दी है। साथ ही अगले दो से तीन दिनों तक अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के प्रभावित क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में कल तक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। आज हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज राजस्थान और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है।
इस बीच, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज दोपहर एक बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 322 दर्ज किया गया।
