Last Updated on March 31, 2026 10:17 pm by INDIAN AWAAZ

इंद्र वशिष्ठ, 

सीबीआई ने एमसीडी, शाहदरा, उत्तरी ज़ोन के डिप्टी कमिश्नर लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक मिश्रा और प्रशासनिक अधिकारी देवांशु गौतम को 4 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने 30 मार्च 2026 को एमसीडी के निलंबित एसएसए मुकेश शर्मा और निलंबित जेएसए गजेंद्र कुमार की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया। 

डिप्टी कमिश्नर कर्नल अभिषेक मिश्रा द्वारा इन दोनों निलंबित कर्मचारियों के ख़िलाफ़ विभागीय जांच की जा रही है। 

आरोप है कि डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा की ओर से प्रशासनिक अधिकारी देवांशु गौतम ने उन दोनों की जांच रिपोर्ट उनके पक्ष में सक्षम अधिकारी को भेजने के लिए 4 लाख रुपये(दो लाख रुपये प्रति) रिश्वत मांगी।

सीबीआई ने 30 मार्च को जाल बिछाया और आरोपी प्रशासनिक अधिकारी देवांशु गौतम को शिकायतकर्ताओं से 4 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी डिप्टी कमिश्नर अभिषेक मिश्रा की भूमिका भी सामने आई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल अभिषेक मिश्रा एमसीडी में प्रतिनियुक्ति पर है।