Last Updated on March 29, 2026 10:37 pm by INDIAN AWAAZ

AMN/ WEB DESK

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने संघर्ष क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। श्री मोदी ने आज केरलम के  पालक्काड़ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया संघर्ष पर सरकार के दृष्टिकोण का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि सरकार देश पर इस संघर्ष के प्रभाव को कम करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारतीयों की सुरक्षा के लिए वे, संघर्ष प्रभावित देशों के नेताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सहायता के लिए चौबीसों घंटे कार्यरत हैं।

श्री मोदी ने इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने और भड़काऊ बयान देने के लिए कांग्रेस पार्टी की आलोचना की। प्रधानमंत्री ने प्रमुख राजनीतिक दलों, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा पर भी तीखा हमला करते हुए उन पर राज्य को भ्रष्टाचार के जाल में फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केवल एनडीए गठबंधन ही जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर सकता है।

बाद में, प्रधानमंत्री ने त्रिशूर जिले में  रोड शो किया। इस दौरान वे विशेष रूप से तैयार वाहन में स्वराज राउंड से गुजरे और सड़क के दोनों ओर जमा लोगों का अभिवादन किया। भीषण गर्मी के बावजूद, हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका स्‍वागत किया। राज्‍य में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होंगे।