Last Updated on September 12, 2026 1:56 pm by INDIAN AWAAZ

AMN/ WEB DESK

18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आज दोपहर नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू होगा। दो दिन के इस सम्मेलन में 11 पूर्ण सदस्य देश और 10 साझेदार देशों सहित कुल 21 देश हिस्सा ले रहे हैं। 11 पूर्ण सदस्य देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल है। जबकि बेलारूस, बोलीविया, कजाखस्तान, क्यूबा, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम साझेदार देशों के रूप में भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में वैश्विक शासन, बहुपक्षवाद, व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन का विषय है- “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फताह अस्सीसी, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन सहित कई प्रमुख नेता सम्मेलन में भाग लेंगे।

सम्मेलन की शुरुआत ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच “समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने” विषय पर सत्र से होगी। इसके बाद नेता भारत मंडपम में ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी में संयुक्त पौधारोपण कार्यक्रम और रात्रिभोज का आयोजन भी किया जाएगा। कल प्रधानमंत्री मोदी सदस्य देशों और दस साझेदार देशों के नेताओं का स्वागत करेंगे।