Welcome to The Indian Awaaz   Click to listen highlighted text! Welcome to The Indian Awaaz
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजा‍तीय समुदाय से केंद्र की सभी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि केंद्र सरकार जनजातीय गांवों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और मोबाइल नेटवर्क सहित बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए सभी प्रयास कर रही है। ओडिशा के नयागढ़ जिले के कलियापल्ली में आज भारतीय विश्वबासु शबरा समाज के स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति ने कहा कि जनजा‍तियों को सभी केंद्रीय योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश को वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य प्राप्‍त करने में सहायता के लिए सभी, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को भी मुख्यधारा में आने की आवश्‍यकता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि आदिवासी केवल शिक्षित होकर ही केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी ले सकते हैं। राष्ट्रपति ने ‘शबरा’ जनजातियों से संबंधित लोगों से ओडिशा की विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ संस्कृति के साथ-साथ अनादि काल से चली आ रही अपनी समृद्ध संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने का आग्रह किया।

इससे पहले राष्ट्रपति ने नयागढ़ जिले के कांतिलो में प्रसिद्ध श्री नीलमाधब मंदिर में दर्शन किए। राष्ट्रपति मुर्मु गृह राज्य ओडिशा की दो दिन की यात्रा पर हैं।

Click to listen highlighted text!