Last Updated on November 25, 2026 10:47 pm by INDIAN AWAAZ

रक्षा मंत्रालय ने एयरो इंडिया 2027 के लिए बुनियादी ढाँचे के विस्तार का काम शुरू कर दिया है। यह कदम देश-विदेश के प्रदर्शकों की बढ़ती माँग को देखते हुए उठाया गया है। एशिया का सबसे बड़ा एयर शो और दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस तथा रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल एयरो इंडिया का 16वाँ संस्करण अगले वर्ष 8 से 12 फरवरी तक बेंगलुरु के येलहंका वायुसेना स्टेशन पर आयोजित होगा।

प्रदर्शनी में जगह की माँग शुरुआती क्षमता से लगभग 12 हजार वर्ग मीटर अधिक हो गई है। इस कमी को दूर करने और अधिक से अधिक प्रदर्शकों को जगह उपलब्ध कराने के लिए दो नए प्रदर्शनी हैंगर बनाए जा रहे हैं। इससे प्रदर्शनी के लिए उपलब्ध कुल क्षेत्र बढ़ेगा।

इसके अलावा, प्रदर्शकों को अपने निर्धारित स्टॉल में अतिरिक्त ऊपरी तल बनाने की अनुमति भी दी गई है। इससे जमीन पर अतिरिक्त जगह लिए बिना उपलब्ध ऊँचाई का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।