Last Updated on September 6, 2026 2:34 pm by INDIAN AWAAZ
AMN/ WEB DESK
भारत और नेपाल के बचाव दल का चिलिमे सुरंग में बचाव अभियान जारी है और सुरंग के भीतर से भारी मलबा, पानी तथा कीचड़ हटाया जा रहा है। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि बचाव अभियान को सुगम बनाने के लिए पास के स्याफरूबेसी से सुरंग के प्रवेश द्वार तक एक पहुंच मार्ग का निर्माण भी चल रहा है।
श्री श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि दुर्गम भूभाग और संकरी घाटी को देखते हुए, भारी हेलीकॉप्टरों का उपयोग संभव नहीं है। भारत नेपाल में मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों में निरंतर सहयोग कर रहा है। इसके अलावा, 26 अगस्त की बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित संपर्क को बहाल करने के लिए देवीघाट में एक बेली पुल का निर्माण किया जा रहा है।
इस संयुक्त प्रयास ने भारतीय विशेषज्ञों और नेपाली रक्षा बलों के बीच सक्रिय सीमा पार आपदा प्रतिक्रिया और तकनीकी सहयोग को रेखांकित किया। श्री श्रीवास्तव ने घटनास्थल पर तकनीकी विशेषज्ञता और आसपास के समुदायों के लिए मानवीय सहायता दोनों के माध्यम से नेपाल को समर्थन देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
