Last Updated on June 6, 2023 11:51 pm by INDIAN AWAAZ

AMN

बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल – बिम्सटेक समूह के नेताओं ने क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी है। बिम्सटेक की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर समूह के नेताओं ने आज संदेश जारी किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि बिम्सटेक फ्रेमवर्क भारत की प्रतिबद्धता है। इसके अन्तर्गत समानता और मित्रता की भावना और संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र के तेजी से विकास के लिए एक सक्षम वातावरण बनाना है।

उन्होंने कहा कि समुद्री सहयोग समझौते के वर्तमान प्रयास और पूरे क्षेत्र में मोटर वाहनों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए एक समझौता हमारी सामूहिक सुरक्षा, कनेक्टिविटी और समृद्धि के लिए बंगाल की खाड़ी के महत्व को स्पष्ट करता है। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने यूक्रेन युद्ध के कारण उत्पन्न आर्थिक संकट की चुनौतियों का सामना करने के लिए क्षेत्रीय सहयोग के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने बिम्सटेक को एक परिणाम-संचालित संगठन में बदलने में मदद करने के लिए बांग्लादेश की प्रतिबद्धता को दोहराया। 1997 में स्थापित बिम्सटेक एक क्षेत्रीय संगठन है। इसमें बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल, श्रीलंका, म्यांमार और थाईलैंड सहित सात सदस्य देश शामिल हैं। इसका मुख्यालय ढाका में है।