Last Updated on April 24, 2026 12:23 am by INDIAN AWAAZ

पश्‍चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज लगभग 92% मतदान हुआ। वहीं, तमिलनाडु के 234 सीटों के लिए हुए मतदान में लगभग 85% वोट डाले गए।

मुर्शिदाबाद, आसनसोल और बीरभूम सहित कई क्षेत्रों से हिंसा की छिटपुट घटनाओं की खबरें मिली। कुछ जगह डराने-धमकाने और ईवीएम में खराबी की शिकायतें भी सामने आईं हैं। इन सबके बावजूद कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण रहा।

निष्‍पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए बडी संख्‍या में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया था। प्रत्येक मतदान केन्‍द्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था और हवाई दस्तों की निगरानी की व्‍यवस्‍था की गई थी। 

तमिलनाडु में आज एक ही चरण में हुए विधानसभा चुनाव में कुल पांच करोड़ 75 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद राज्‍य में यह पहला चुनाव था। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्‍य में इस बार 84.73 प्रतिशत मतदान हुआ जो कि एक रिकॉर्ड है।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 91.78 प्रतिशत मतदान हुआ है। देश की आज़ादी के बाद से यह अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। आयोग ने बताया कि तमिलनाडु में भी आज 84.69 प्रतिशत का रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।
वहां आज 83.57 प्रतिशत से अधिक पुरुष मतदाता, 85.76 प्रतिशत महिलाओं और 60.49 प्रतिशत तीसरे लिंग के लोगों ने मतदान किया। पश्चिम बंगाल में 90.92 पुरुष मतदाताओं, 92.69 प्रतिशत महिला मतदाताओं और 56.79 प्रतिशत तीसरे लिंग के लोगों ने मतदान किया।
इसके अलावा, गुजरात के उमरेठ में हुए उपचुनाव में 59.03 प्रतिशत मतदाताओं ने हिस्सा लिया। महाराष्ट्र में बारामती में 57.48 प्रतिशत और राहुरी उपचुनाव में 55.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी ने लाइव वेबकास्टिंग के ज़रिए मतदान प्रकिया पर कड़ी नज़र रखी। दोनों राज्यों के सभी मतदान केन्द्रों पर इसकी व्यवस्था की गई थी।