Last Updated on April 24, 2026 12:25 am by INDIAN AWAAZ

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुध्द कर रही ईरान की छोटी नौकाओं को निशाना बनाकर नष्ट करने का आदेश दिया

अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अमरीकी सेना को होर्मुज जलडमरूमध्य को अवरुध्द कर रही ईरान की छोटी नौकाओं को निशाना बनाकर नष्ट करने का आदेश दिया है। आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अमरीकी नौसेना को होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें बिछाने वाली सभी नौकाओं को नष्ट करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सेना इस महत्वपूर्ण जलमार्ग में बारूदी सुरंगों को हटाने के अपने प्रयासों को तेज कर रही है।

अमरीका की सेना ने आज कहा कि उसने ईरानी तेल की तस्करी से जुड़े एक और टैंकर को जब्त कर लिया है। इस घटना से ईरान के साथ तनाव में और वृद्धि हो रही है। एक दिन पहले ही ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में दो जहाजों पर कब्जा कर लिया था। अमरीकी रक्षा विभाग ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें हिंद महासागर में जब्त गुयाना के ध्वज वाले तेल टैंकर मैजेस्टिक एक्स के डेक पर अमरीकी बलों की मौजूदगी दिखाई है। यह टैंकर चीन के च़ोओशान जा रहा था। अमरीका ने एक बयान में कहा है कि वे अवैध नेटवर्क को बाधित करने और ईरान को सहायता प्रदान करने वाले जहाजों को रोकने के लिए वैश्विक समुद्री नाकाबंदी जारी रखेंगे। इस घटना पर ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह घटना ईरान की ओर से जलडमरूमध्य में तीन मालवाहक जहाजों को निशाना बनाने और उनमें से दो को अपने कब्जे में लेने के एक दिन बाद हुई है। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी को बरकरार रखते हुए युद्धविराम को बढ़ाने की घोषणा की थी।