AMN

भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुख्यमंत्री के साथ पांच मंत्रिमंडल मंत्रियों ने भी शपथ ली। राज्यपाल आर एन रवि ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रमाणिक और खुदिराम टुडू शामिल हैं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ-साथ कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित थे। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने ब्रिगेड ग्राउंड पहुंचने से पहले एक रोड शो किया।

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास रच दिया है। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आर. एन. रवि ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

कभी ममता बनर्जी के सबसे करीबी सहयोगियों में गिने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी ने इस शपथ ग्रहण के साथ बंगाल की राजनीति में नया अध्याय शुरू कर दिया। सादे भगवा कुर्ते में नजर आए शुभेंदु की छवि ने राजनीतिक हलकों में खास चर्चा बटोरी। उनके साथ अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, दिलीप घोष, अशोक कीर्तानिया और क्षुदीराम टुडू ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।

भाजपा विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार शाम राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड, जिसे कभी वामपंथ का गढ़ माना जाता था और बाद में तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक ताकत का प्रतीक बना, वहीं अब भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण का साक्षी बना। भाजपा ने इसे “सोनार बांग्ला” की शुरुआत और “डबल इंजन” सरकार का नया अध्याय बताया।

समारोह में सुबह से ही हजारों भाजपा कार्यकर्ता पहुंचने लगे थे। कई समर्थक भगवा गमछे और पार्टी के झंडों के साथ नजर आए। मैदान में लगाए गए बड़े एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी के चुनावी भाषण चलाए गए। प्रधानमंत्री के पहुंचते ही “भारत माता की जय” और “बंगाल वॉन्ट्स बीजेपी” के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा।

शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री, भाजपा सांसद, उद्योगपति, फिल्म जगत की हस्तियां, संत और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। भाजपा ने इस आयोजन को बंगाल की राजनीति में “ऐतिहासिक बदलाव” का प्रतीक बताया।

इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया और पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनी है।