Last Updated on April 21, 2026 12:07 am by INDIAN AWAAZ

अमरीका और ईरान के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर को लेकर आज इस्लामाबाद में अनिश्चितता का माहौल रहा। अमरीका और ईरान के बीच दो सप्ताह का संघर्ष-विराम बुधवार को समाप्त होने वाला है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने कहा कि अभी तक यह तय नहीं है कि ईरान अमरीका के साथ वार्ता के अगले दौर में भाग लेगा या नहीं। आज ईरान में साप्ताहिक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए बाक़ाई ने कहा कि उनके पास वार्ता के अगले दौर के लिए कोई योजना नहीं है और इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि अमरीका कूटनीति को आगे बढ़ाने के प्रति गंभीर नहीं है, और उन्होंने दो सप्ताह के संघर्ष-विराम के कथित उल्लंघन का हवाला दिया। दूसरी ओर, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका की नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहे एक ईरानी जहाज को निशाना बनाया। यह हमला अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ संभावित वार्ता के लिए अपनी टीम को इस्लामाबाद भेजने की घोषणा के कुछ घंटों बाद हुआ है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने होर्मुज जल-डमरू-मध्य को भी बंद कर दिया है, जिसके अंतर्गत वाणिज्यिक जहाजों को स्पष्ट अनुमति प्राप्त करनी होगी और गार्ड द्वारा अनुमोदित मार्गों का पालन करना होगा। बिना अनुमति के आने वाले जहाजों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। वार्ता का अंतिम दौर 11 और 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में आयोजित किया गया था।

ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता से इंकार किया

ईरान ने अमरीका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता से इंकार कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने कहा है कि अमरीका द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्‍य में ईरान के ध्‍वज वाले जहाज को जब्‍त करने के बाद ईरान की नए दौर की वार्ता शुरू करने की कोई योजना नहीं है।

इससे पहले अमरीकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि वे ईरान के साथ संभावित वार्ता के लिए अपनी टीम को पाकिस्‍तान भेज रहे हैं। ईरान की सरकारी न्‍यूज एजेंसी (आईआरएनए) ने बताया है कि वार्ता से इंकार करने की वजह अमरीका की अत्‍यधिक मांगे, रूख में बार-बार बदलाव और नौसेना नाकेबंदी है। एजेंसी ने नाकेबंदी को संघर्षविराम की स्थितियों का उल्‍लंघन बताया है।

 ईरान की रेवोल्‍यूशनरी गार्ड ने भी होर्मुज जलडमरूमध्‍य बंद कर दिया है और वाणिज्यिक जहाजों को स्‍पष्‍ट अनुमति लेने तथा गार्ड द्वारा स्‍वीकृत मार्ग अपनाने को कहा है। रेवोल्‍यूशनरी गार्ड ने चेतावनी दी है कि बिना स्‍वीकृति के जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है।