AMN
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि का भारत पर बहुत कम असर पडा है। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 से 2022 के दौरान देश में रसोई गैस की कीमत में केवल 72 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत में 303 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। श्री पुरी ने कहा कि दुनिया भर में पेट्रोल की कीमत बढी है जबकि भारत में पेट्रोल की कीमत में साढे चार प्रतिशत की कमी की गई है।
श्री पुरी ने कहा कि भारत में 85 प्रतिशत पेट्रोलियम का आयात किया जा रहा है और दुनिया भर में भौगोलिक-राजनीतिक अस्थिरता को देखते हुए कीमतों को नियंत्रित रखना एक बडी चुनौती होगी क्योंकि आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो रही है। हालांकि, श्री पुरी ने यह भी कहा कि देश में अक्षय ऊर्जा के मामले में अच्छी प्रगति हुई है और लगातार सब्सिडी दी जा रही है। इससे कीमतों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।