AMN

चीन में हांगचोओ एशियाई खेलों में भारत ने आज एक स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्‍य सहित कुल नौ पदक जीते।

चीन में हांगचोओ एशियाई खेलों में भारत ने आज एक स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्‍य सहित कुल नौ पदक जीते। पुरुष हॉकी में भारत ने जापान को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ भारत ने पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। तीरदांजी में आज पुरूषों की रिकर्व टीम स्‍पर्धा में भारत को रजत पदक मिला है। फाइनल में अतनु दास, धीरज बोम्‍मादेवड़ा और तुषार प्रभाकर शेल्‍के की टीम को कोरिया से 1-5 से हार का सामना करना पड़ा।

पुरूषों की ब्रिज टीम स्‍पर्धा में भारत को रजत पदक मिला। तीरंदाजी में महिला रिकर्व टीम स्‍पर्धा में भारत ने कांस्‍य पदक जीता। अंकिता भकत, भजन कौर और सिमरनजीत कौर की टीम ने वियतनाम की टीम को 6-2 से हराकर ये उपलब्धि हासिल की।

बैंडमिंटन के पुरूष सिंगल्‍स में एच एस प्रणय को कांस्‍य पदक मिला। सेमीफाइनल में प्रणॉय को चीन के ली शिफेंग से पराजय का सामना करना पड़ा। पुरूष डबल्‍स के सेमीफाइनल में आज भारत के चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रेंकी रेड्डी की जोड़ी का सामना मलेशिया के आरोन चिया और शो वी की जोड़ी से होगा।

सेपक टकरा में महिला टीम को कांस्‍य पदक मिला।

महिला कुश्ती में सोनम ने 62 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य प्राप्त किया है। उन्होंने चीन की लॉन्ग जिया को हराकर यह पदक जीता। महिलाओं की 76 किलोग्राम फ्रीस्‍टाइल कुश्‍ती में भारत की किरण ने मंगोलिया की पहलवान को हराकर कांस्‍य पदक जीता। भारत के पहलवान अमन ने जापान के पहलवान को हराकर भारत के लिए एक और कांस्‍य पदक जीत लिया है।

क्रिकेट में भारत ने बांग्‍लादेश को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल में भारत का सामना अफगानिस्‍तान से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्‍तान ने पाकिस्‍तान को हराया।
महिला कबड्डी में भारत ने नेपाल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में कल भारत का सामना चीनी ताइपे से होगा। पुरूष कबड्डी के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्‍तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली है।

फ्रीस्‍टाइल कुश्‍ती में बजरंग पुनिया और अमन अपना-अपना कांस्‍य पदक मुकाबला खलेंगे।

भारत 22 स्वर्ण, 34 रजत और 39 कांस्य सहित कुल 95 पदक जीतकर चौथे स्‍थान पर है। एशियाई खेलों में भारत का अब तक यह सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन है।