Last Updated on May 10, 2026 1:40 pm by INDIAN AWAAZ
AMN
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेबरेयेसस ने, हंटावारयस के संक्रमण वाले मरीज़ों को ले जा रहे MV Hondius जहाज़ के रविवार को टैनेरिफ़ द्वीप पर पहुँचने के अवसर पर, वहाँ के निवासियों से शान्ति बनाए रखने की अपील की है.
डॉक्टर टैड्रॉस ने पुष्टि की है कि वह इस जहाज़ पर सवाल लगभग 150 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के स्पेन के द्वीप टैनेरिफ़ द्वीप पर उतरने की प्रक्रिया की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे.
इस जहाज़ पर हंटावायरस के एंडेज़ प्रकार का प्रकोप देखा गया है, जिससे अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है.
डॉक्टर टैड्रॉस ने, 2020 की कोरोनावायरस महामारी की यादों को ताज़ा करते हुए स्पष्ट किया, “मैं जानता हूँ कि आप चिन्तित हैं… वर्ष 2020 के दर्द की यादें अब भी वास्तविक हैं और मैं इससे एक लम्हे के लिए भी इनकार नहीं करता हूँ. मगर मैं चाहता हूँ कि आप मेरी बात ध्यान से सुनें और वो ये कि यह कोई अन्य कोविड नहीं है.”
अलबत्ता ध्यान दिला दें कि हंटावायरस का यह विशेष प्रकार मानव-से-मानव में फैल सकता है.
जहाज़ पर अब कोई मरीज़ नहीं
WHO ने जहाज़ से जुड़े केवल आठ संक्रमण मामलों की जानकारी दी है जिनमें से 6 मामलों की प्रयोगशालाओं की पुष्टि हुई है, और जनता के लिए जोखिम का स्तरकम बना हुआ है.
स्पेन के अधिकारियों ने वायरस को रोकने के लिए एक कड़ा प्रोटोकॉल लागू किया है जिसमें कुछ ये उपाय किए गए हैं:
- जहाज़ ग्रेनाडिला के औद्योगिक बन्दरगाह पर रुकेगा, जो आवासीय क्षेत्रों से दूर है.
- यात्रियों को सीलबन्द और पहरे वाले वाहनों में एक “घेराबन्दी वाले गलियारे” के माध्यम से, सीधे उनके देशों में भेजा जाएगा.
- स्थानीय लोगों का इन यात्रियों के साथ कोई सम्पर्क नहीं होगा.
- क़ानूनी अधिदेश: स्पेन अन्तरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियमों के तहत सहायता प्रदान कर रहा है, जिसके अनुसार निकटतम सक्षम बन्दरगाह को आपातकाल के दौरान सहायता देना अनिवार्य है.
डॉक्टर टैड्रॉस ने 23 देशों के यात्रियों की सहायता करने के लिए स्पेन के प्रधानमंत्री पैड्रो सांचेज़ और टैनेरिफ़ के लोगों के इस सहायक क़दम की सराहना की जिसे उन्होंने “नैतिक कर्तव्य” क़रार दिया.
अप्रैल के मध्य में एक यात्री की मौत के बाद से MV Hondius जहाज़, वैश्विक निगरानी का केन्द्र रहा है; हालाँकि, इस समय इस जहाज़ पर, हंटावायरस के संक्रमण या लक्षणों वाला कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं है.
WHO का एक विशेषज्ञ पहले से ही जहाज़ पर स्थिति की निगरानी करने के लिए मौजूद है.
डॉक्टर टैड्रॉस ने सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा है कि “एकजुटता ही हमारी सबसे उपयुक्त रक्षा कवच है.” UN NEWS
