Last Updated on April 22, 2026 12:45 am by INDIAN AWAAZ

तमिलनाडु में एक ही चरण और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त

तमिलनाडु में एक ही चरण और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार आज समाप्त हो गया। इन दोनों राज्‍यों में इन चुनावों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होना है।

तमिलनाडु में, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आज चुनाव प्रचार किया। आल इंडिया अन्‍ना डीएमके पार्टी के महासचिव एडप्पाडी पलानीसामी ने सलेम में एक जनसभा को संबोधित किया। टीवीके पार्टी के संस्थापक, अभिनेता और राजनेता विजय ने चेन्नई में चुनाव प्रचार किया।

वहीं पश्चिम बंगाल में अंतिम दिन, केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने पश्चिम बर्धमान के कुल्टी में एक विशाल रैली को संबोधित किया। उन्‍होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में व्यापक भ्रष्टाचार और अराजकता का आरोप लगाया। श्री अमित शाह ने दावा किया कि राज्य में महिलाएं असुरक्षित हैं और उनके खिलाफ हिंसा की बार-बार होने वाली घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसी विफलताओं पर शर्म आनी चाहिए।

गृह मंत्री ने राज्य सरकार पर पैसों के लिए नौकरियां बेचने, अवैध खनन की अनुमति देने और गैरकानूनी तस्करी में शामिल होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने वादा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो सुशासन सुनिश्चित किया जाएगा, समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी और हर साल एक लाख नौकरियां सृजित की जाएंगी। श्री अमित शाह ने यह भी आश्वासन दिया कि कोई भी कल्याणकारी योजना बंद नहीं की जाएगी। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए घोषणा की कि मतगणना के बाद, अगर भाजपा सरकार बनाती है, तो भ्रष्ट नेताओं को जेल भेजा जाएगा।

भाजपा नेता रेखा गुप्ता आसनसोल में एक रोड शो में शामिल हुईं।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हल्दिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया। कांग्रेस, वामपंथी और अन्य दल भी राज्य भर में अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।