Welcome to The Indian Awaaz   Click to listen highlighted text! Welcome to The Indian Awaaz
AMN नई दिल्ली

 बीजेपी सांसद संबित पात्रा के राहुल गांधी को देश का सबसे बड़ा गद्दार और देशद्रोही बताने वाली टिप्पणी पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। शुक्रवार (6 दिसंबर, 2024) को प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके भाई के लिए इस देश से बढ़कर और कुछ भी नहीं है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए वह बोलीं कि इसमें कुछ नया नहीं हैं क्योंकि जो लोग जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी को देशद्रोही बोल सकते हैं वो राहुल गांधी को भी बोल सकते हैं।

जो नेहरू, इंदिरा और राजीव को देशद्रोही कह सकते वह राहुल को …

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने कहा कि जो लोग जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को देशद्रोही कह सकते हैं, अगर वे लोग राहुल गांधी को भी ऐसा कहते हैं, तो इसमें कोई नई बात नहीं है। वहीं वायनाड सांसद ने प्रेस वार्ता के दौरान ये भी कहा, “मुझे अपने भाई पर गर्व है। उनके लिए इस देश से बढ़कर और कुछ नहीं है। उन्होंने देश को एकजुट करने के लिए कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक यात्रा की। बीजेपी वालों में अडानी के मुद्दे पर चर्चा करने की हिम्मत नहीं है?”

जांच हुई तो मोदी पर भी आंच आएगी: प्रियंका गांधी

वायनाड सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि इसलिए वे (संबित पात्रा) इस तरह के आरोप लगाते हैं। क्योंकि अडानी और मोदी एक है। जांच हुई तो मोदी पर भी आंच आएगी। 

संबित पात्रा बोले थे राहुल गांधी को गद्दार

संबित पात्रा ने गुरुवार (5 दिसंबर, 2024) को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के भारत को अस्थिर करने के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने जॉर्ज सोरोस, ओसीसीआरपी और राहुल गांधी के कनेक्शन का भी जिक्र किया। पात्रा ने कहा था, “हम इस खतरनाक त्रिकोण के बारे में बात करने जा रहे हैं, जो भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। एक तरफ अमेरिका से जॉर्ज सोरोस हैं, कुछ एजेंसियों के साथ और दूसरी तरफ ओसीसीआरपी नामक एक बड़ा न्यूज़ पोर्टल है और आखिरी में सबसे महत्वपूर्ण पक्ष है राहुल गांधी हैं, जो सबसे बड़े देशद्रोही हैं। मैं इस शब्द का इस्तेमाल करने से नहीं डरता।”

राहुल गांधी पर लगाया था ये आरोप

संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह ओसीसीआरपी के निर्देशों पर काम करते हैं। पात्रा ने राहुल पर ओसीसीआरपी के निर्देशों के तहत काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “ओसीसीआरपी एक वैश्विक मीडिया एजेंसी है, जिसे जॉर्ज सोरोस के ओपन सोसाइटी फाउंडेशन की ओर से वित्त पोषित किया जाता है। ऐसी एजेंसियां ​​अपने फंडर्स के हितों के लिए काम करती हैं। राहुल गांधी ओसीसीआरपी के निर्देशों का पालन करते हुए पूरे देश को धोखा दे रहे हैं।”

Click to listen highlighted text!