Last Updated on March 12, 2026 1:09 am by INDIAN AWAAZ

इंद्र वशिष्ठ,
सीबीआई ने दिल्ली में तैनात अपने ही इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल को दो करोड़ रुपये रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस द्वारा भेजी गई एक शिकायत के आधार पर सीबीआई ने मामला दर्ज कर 10 मार्च को इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल को गिरफ्तार किया।
आरोपी इंस्पेक्टर ने सीबीआई में कथित तौर पर शुभम मिश्रा के खिलाफ दर्ज मामले में कार्रवाई न करने के लिए उससे दो करोड़ रुपये रिश्वत मांगी थी।
सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता शुभम मिश्रा ने 9 मार्च को दक्षिण दिल्ली के मैदान गढ़ी थाने में शिकायत दी, जिसमें आरोप लगाया कि सीबीआई इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल 22 जनवरी को भाटी कलां के महाबली पुरम में उनके घर आया था। दीपक ने उसे धमकाया कि उसके खिलाफ सीबीआई में केस दर्ज हो गया है। इंस्पेक्टर दीपक ने केस रफा दफा / खत्म करने के लिए 2 करोड़ रुपये मांगे। जब उसने ने मना कर दिया, तो इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर 50,000 रुपये लिए और उसके बाद हर महीने 75,000 रुपये मांगे।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि कोई व्यक्ति इंस्पेक्टर दीपक की तरफ से पैसे लेने आ रहा है। पुलिस ने पैसे लेने आए राजा नाम के एक लॉ स्टूडेंट को हिरासत में लिया, बाद में उसी रात, दीपक खुद फार्महाउस पर आया तो उसे थाने में लाया गया।
दीपक ने शुरू में कहा कि वह सिर्फ़ अपने दोस्त सनी को लोन रिकवर करने में मदद कर रहा था। लेकिन शिकायतकर्ता के दिए ऑडियो रिकॉर्डिंग ने उसकी पोल खोल दी।
दक्षिण जिला पुलिस अफसरों द्वारा सीबीआई अफसरों से दीपक के बारे में वेरिफिकेशन किया गया। दीपक और सनी दोनों से पूछताछ की गई और बाद में उन्हें चल रही पूछताछ में शामिल होने के निर्देश देकर छोड़ दिया गया।
इसके बाद दक्षिण जिले के डीसीपी ने ये सारी जानकारी शुभम मिश्रा की शिकायत के साथ सीबीआई के पास भेज दी।
सीबीआई ने 10 मार्च को मामला दर्ज कर इंस्पेक्टर दीपक फल्सवाल को गिरफ्तार कर लिया।
