Last Updated on February 26, 2026 8:53 pm by INDIAN AWAAZ
CBI ने अनिल अंबानी–रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ ₹2,220 करोड़ कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया

इंद्र वशिष्ठ, AMN
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो -सीबीआई CBI ने उद्योगपति अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ बैंक ऑफ बड़ौदा को कथित तौर पर धोखा देने और उसे दो हजार दो सौ बीस करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक नया मामला दर्ज किया है।
बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत के आधार पर सीबीआई द्वारा साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार के अपराधों के लिए दर्ज किया गया यह दूसरा मामला है। एफआईआर में आरोप है कि रिलायंस कम्युनिकेशंस द्वारा लिए गए ऋणों के कारण बैंक ऑफ बड़ौदा को इस राशि का नुकसान हुआ है।
यह धनराशि कथित तौर पर संबंधित पक्षों के साथ फर्जी लेनदेन करके गलत तरीके से इस्तेमाल की गई थी। सीबीआई ने कहा कि इस मामले के दर्ज होने के बाद अनिल अंबानी के आवास और कंपनी के पंजीकृत कार्यालयों पर तलाशी ली गई। इसमें आगे कहा गया है कि तलाशी के दौरान, ऋण लेनदेन से संबंधित विभिन्न दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सीबीआई ने भारतीय स्टेट बैंक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ पहले ही एक और मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि मेसर्स रिलायंस कम्युनिकेशंस द्वारा लिए गए लोन की वजह से बैंक ऑफ़ बड़ौदा को 2,220 करोड़ रुपये से ज़्यादा का नुकसान हुआ है। लोन को कथित तौर पर संबंधित पक्षों के साथ फर्जी ट्रांज़ैक्शन करके दूसरी जगह लगाया गया और गलत इस्तेमाल किया गया। अकाउंट्स की किताबों में हेरफेर किया गया और गड़बड़ियों को छिपाया गया।
अकाउंट को 2017 में ही बट्टा खाता ( नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) घोषित कर दिया गया था। लेकिन, अनिल अंबानी की बॉम्बे हाई कोर्ट में दायर की गई याचिका के आधार पर, हाई कोर्ट ने खातों को फ्रॉड घोषित करने पर स्टे लगा दिया था। 23 फरवरी 2026 को स्टे हटा दिया गया, जिसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा ने यह कंप्लेंट दर्ज कराई और सीबीआई ने तुरंत केस अपने हाथ में ले लिया।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने इसके पहले भारतीय स्टेट बैंक की शिकायत पर रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ एक और केस दर्ज किया है, एसबीआई 11 बैंकों के समूह का लीड बैंक है। हालांकि, बैंक ऑफ बड़ौदा उस समूह का हिस्सा नहीं था। यह रिलायंस कम्युनिकेशन द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा, उस समय के विजया बैंक और उस समय के देना बैंक से लिया गया एक अलग लोन है। विजया बैंक और देना बैंक अब बैंक ऑफ बड़ौदा में मर्ज हो गए हैं। इस केस के दर्ज होने के बाद, सीबीआई ने अनिल अंबानी के घर और ऑफिस में तलाशी की है। इस लोन ट्रांजैक्शन से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं।
दूसरी ओर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अनिल अंबानी के मुंबई स्थित 17 मंजिला आलीशान घर अबोड को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। इस संपत्ति की अनुमानित कीमत 3,716.83 करोड़ रुपये बताई गई है.
यह कार्रवाई अनिल अंबानी की रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामले में की गई है।
रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में अब तक कुर्क की गई संपत्तियों की कीमत15,700 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुकी है
अनिल अंबानी वीरवार को पूछताछ के लिए ईडी दफ़्तर में पेश हुए।
