Last Updated on November 28, 2026 12:00 am by INDIAN AWAAZ

एस एन वर्मा
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की झलक शुक्रवार को बनारस रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली। काशी तमिल संगमम 5.0 में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से 200 विद्यार्थियों का पहला दल वाराणसी पहुंचा। स्टेशन पर मेहमानों के स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया। पारंपरिक अंदाज में पुष्प वर्षा और फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान बनारस की पहचान डमरू वादन ने स्वागत समारोह को और खास बना दिया।
स्टेशन परिसर में डमरू की गूंज सुनकर तमिलनाडु से आए कई विद्यार्थी खुद को थिरकने से रोक नहीं सके। डमरू की धुन पर छात्र झूमते नजर आए। काशी की पारंपरिक संस्कृति, संगीत और आतिथ्य सत्कार से रूबरू होकर विद्यार्थी भी काफी उत्साहित दिखे। उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता का यह नजारा स्टेशन पर आकर्षण का केंद्र रहा।
विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामाकोटी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी तथा भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री से सम्मानित प्रो. चमू कृष्ण शास्त्री भी बनारस स्टेशन पर मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों का स्वागत कर उनके काशी प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं।
काशी विश्वनाथ धाम में करेंगे दर्शन
काशी तमिल संगमम के तहत आए विद्यार्थियों का कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभवों से जुड़ा होगा। शनिवार को सभी प्रतिनिधि काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस आयोजन के जरिए तमिलनाडु के विद्यार्थी काशी की धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होंगे। वहीं, काशी के लोगों को भी तमिल संस्कृति, परंपरा और भाषा को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

