AMN/ WEB DESK
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 65 किग्रा मुक्केबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर परवीन हुड्डा को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि परवीन ने अपनी कुशलता, साहस और पक्के इरादे के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
राष्ट्रपति ने कहा कि जब किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में तिरंगा ऊंचा लहराता है और राष्ट्रगान बजता है, तो परवीन जैसी बेटियां भारत का मान बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि यह स्वर्ण पदक अनगिनत युवाओं, विशेषरूप से लड़कियों को प्रेरित करेगा।
राष्ट्रपति मुर्मु ने इन खेलों में सेपकटकरा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष क्वाड्रेंट टीम को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम की फुर्ती, तालमेल और लड़ने के जज़्बे ने भारत को यह सफलता दिलाई है।
राष्ट्रपति ने पुरुषों की मुक्केबाजी में 80 किग्रा वर्ग की स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर अंकुश पंघाल को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि श्री पंघाल ने रिंग में संयम, ताकत और अटूट संकल्प का प्रदर्शन करते हुए शानदार खेल दिखाया। उन्होंने कहा कि यह जीत भारतीय मुक्केबाजी के लिए बहुत गर्व का पल है और देश के लिए यादगार उपलब्धि है।
इसके साथ ही राष्ट्रपति मुर्मु ने एशियाई खेलों में पुरुषों के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर सुजीत कलकल को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुजीत ने महत्वपूर्ण समय पर धैर्य बनाए रखा और फाइनल को यादगार जीत में बदल दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि सुजीत कलकल ने देश को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रपति ने कामना की कि यह स्वर्णिम प्रदर्शन सुजीत के खेल सफर में महत्वपूर्ण क्षण के रूप में याद किया जाएगा और उनकी जीत युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
