Last Updated on September 16, 2026 11:15 pm by INDIAN AWAAZ

दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और शानदार सिनेमाई सफर के लिए प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने आज इसकी घोषणा की। यह पुरस्कार 22 सितम्‍बर को गुजरात के केवडिया में  72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अभिनेता अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री नाग ने अपने सहज अभिनय और बहुमुखी प्रतिभा से कई दशकों से भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी है। श्री मोदी ने कहा कि उनके अभिनय में एक दुर्लभ गहराई और प्रामाणिकता देखने को मिलती है। 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी श्री अनंत नाग को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने कहा कि यह एक शानदार सफर के लिए वास्‍तव में एक उचित सम्मान है। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने भी श्री नाग को बधाई देते हुए कहा कि यह देश के महानतम कलाकार के लिए बेहद उपयुक्‍त सम्मान है।

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 दिए जाने की घोषणा होने पर बधाई दी है। उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दिग्गज अभिनेता अनंत नाग ने अपने शानदार कॅरियर में यादगार अभिनय के माध्यम से कन्नड़ और भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान देकर कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। उन्होंने दिग्‍गज अभिनेता को शुभकामनाएं भी दीं।