Last Updated on August 26, 2026 12:16 pm by INDIAN AWAAZ

AMN/ WEB DESK

भारत और चीन ने सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया है। दोनों देशों ने कहा कि इससे द्विपक्षीय संबंधों के विकास और प्रगति को बढ़ावा मिलेगा। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कल पेइचिंग में भारत-चीन सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं दौर की वार्ता की सह-अध्यक्षता की। विदेश मंत्रालय बताया कि दोनों देशों के बीच सीमा विवाद पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, सीमा मुद्दे के राजनीतिक समाधान की दिशा में काम जारी रखने पर सहमति जताई गई। दोनों देशों ने अक्टूबर 2024 में कज़ान और पिछले साल अगस्त में तियानजिन में बनी सहमति को लागू करने में हुई प्रगति पर संतोष जताया। दोनों पक्षों ने कैलाश मानसरोवर यात्रा और तीन निर्धारित सीमा व्यापार मार्गों से सीमा व्यापार समेत लोगों के बीच संपर्क बढ़ने का स्वागत किया। अजीत डोभाल ने चीन की दो दिवसीय यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी मुलाकात की।