Last Updated on August 26, 2026 12:14 pm by INDIAN AWAAZ

AMN/ WEB DESK

अमरीका के सीनेटर रिक स्कॉट ने चीन में निर्मित चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए अमरीकी संघीय स्वास्थ्य सेवा निधि के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इंटरनेट से जुड़े उपकरण रोगियों की संवेदनशील जानकारी और अस्पताल प्रणालियों के लिए साइबर खतरे उत्‍पन्‍न कर सकते हैं।

श्री स्कॉट ने कहा कि अमरीकी कांग्रेस को मेडिकेयर, मेडिकेड या अन्य संघीय निधि प्राप्त करने वाले अस्पतालों और क्लीनिकों को चीनी कंपनियों में निर्मित उपकरण की खरीद करने से रोक देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संघीय निधि प्राप्त करने वाली प्रत्येक स्वास्थ्य सुविधा से चीन में निर्मित चिकित्सा उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से हटा दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्‍होंने विदेशी चिकित्सा डेटा की जासूसी को आपराधिक मामला बनाने का प्रस्ताव भी रखा।

फ्लोरिडा के सीनेटर श्री स्‍कॉट ने कॉन्टेक सीएमएस 8000 रोगी मॉनिटर में पाई गई साइबर सुरक्षा संबंधी कमजोरियों को आंशिक रूप से अपनी मांग का आधार बनाया है जिसका निर्माण चीन की कंपनी ने किया है। इन उपकरणों का उपयोग हृदय गति, रक्तचाप और इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम रीडिंग जैसे रोगियों के महत्वपूर्ण संकेतों को प्रदर्शित करने के लिए किया जाता है।

अमरीका खाद्य और औषधि प्रशासन ने जनवरी 2025 में सुरक्षा संबंधी सूचना जारी करके चेतावनी दी थी कि कॉन्टेक सीएमएस 8000 और पुनः लेबल किए गए एप्सिमेड एमएन-120 को इंटरनेट से कनेक्ट करने पर रोगियों को खतरा हो सकता है।