Last Updated on February 26, 2026 9:52 pm by INDIAN AWAAZ
AMN
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो -सीबीआई ने उद्योगपति अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ बैंक ऑफ बड़ौदा को कथित तौर पर धोखा देने और उसे दो हजार दो सौ बीस करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक नया मामला दर्ज किया है। बैंक ऑफ बड़ौदा की शिकायत के आधार पर सीबीआई द्वारा साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक कदाचार के अपराधों के लिए दर्ज किया गया यह दूसरा मामला है। एफआईआर में आरोप है कि रिलायंस कम्युनिकेशंस द्वारा लिए गए ऋणों के कारण बैंक ऑफ बड़ौदा को इस राशि का नुकसान हुआ है। यह धनराशि कथित तौर पर संबंधित पक्षों के साथ फर्जी लेनदेन करके गलत तरीके से इस्तेमाल की गई थी। सीबीआई ने कहा कि इस मामले के दर्ज होने के बाद अनिल अंबानी के आवास और कंपनी के पंजीकृत कार्यालयों पर तलाशी ली गई। इसमें आगे कहा गया है कि तलाशी के दौरान, ऋण लेनदेन से संबंधित विभिन्न दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सीबीआई ने भारतीय स्टेट बैंक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ पहले ही एक और मामला दर्ज किया है।
