Last Updated on February 17, 2026 8:32 pm by INDIAN AWAAZ
AMN
नीति आयोग के अंतर्गत अटल इनोवेशन मिशन -एआईएम ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में ‘एआई-प्रेनर्स ऑफ इंडिया’ नामक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस पुस्तक में स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, स्थिरता, गतिशीलता, खेल विश्लेषण, डीप टेक और सामाजिक प्रभाव सहित 30 से अधिक क्षेत्रों में कार्यरत स्टार्टअप्स को शामिल किया गया है। यह पुस्तक भारत के एआई नवाचार परिदृश्य की भौगोलिक और विषयगत विविधता को दर्शाती है, जो पारंपरिक प्रौद्योगिकी केंद्रों से कहीं आगे तक फैली हुई है।
विमोचन समारोह में नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के निदेशक दीपक बागला ने कहा कि यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दृष्टिकोण को दर्शाती है, जो समावेशी विकास, नैतिक उपयोग और सामाजिक कल्याण के लिए एआई के प्रयोग पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक उद्देश्य-आधारित नवाचार के माध्यम से वैश्विक एआई चर्चा का नेतृत्व करने की दिशा में भारत के मार्ग को प्रदर्शित करती है और आज इस अवसर पर ‘एआई-प्रेनर्स ऑफ इंडिया’ पुस्तक के माध्यम से एआईएम नवाचार के इन गुमनाम नायकों का सम्मान करता है।
‘एआई-प्रेनर्स ऑफ इंडिया’ पुस्तक, वास्तविक दुनिया की चुनौतियों के समाधान तैयार करने वाले 45 अग्रणी एआई स्टार्टअप्स की यात्राओं का विवरण प्रस्तुत करती है। यह एआईएम की ‘इनोवेशन्स फॉर यू’ कॉफी टेबल सीरीज़ का 7वां संस्करण है और भारत के डीप टेक और एआई स्टार्टअप इकोसिस्टम के निर्माण में एआईएम के नेतृत्व को सुदृढ़ करती है। 