Last Updated on February 17, 2026 8:15 pm by INDIAN AWAAZ

ढाका में बांग्लादेश की नई सरकार का शपथ ग्रहण, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला हुए शामिल

हमारे संवाददाता / ढाका

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज ढाका में आयोजित बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस सरकार का नेतृत्व प्रधानमंत्री तारिक रहमान कर रहे हैं। इस अवसर पर ओम बिरला ने भारत की जनता की ओर से प्रधानमंत्री तारिक रहमान को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद ओम बिरला ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से औपचारिक मुलाकात भी की। इस दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भेजा गया व्यक्तिगत पत्र उन्हें सौंपा। पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान को शीघ्र भारत यात्रा के लिए आमंत्रित किया है।

ओम बिरला ने कहा कि भारत बांग्लादेश को एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के प्रयासों में हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है। उन्होंने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और मजबूत साझेदारी को और अधिक गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

समारोह के दौरान ओम बिरला ने मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू और भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे से भी मुलाकात की।