Last Updated on February 7, 2026 11:55 pm by INDIAN AWAAZ

मलेशिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, कुआलालंपुर में हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आज मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंचे, जहाँ उनका जोरदार स्वागत किया गया। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने भारत और मलेशिया के बीच गहरे नागरिक संबंधों पर जोर दिया और प्रवासी भारतीयों को दोनों देशों को जोड़ने वाला “जीता-जागता सेतु” बताया। उन्होंने मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम के साथ अपनी पुरानी मित्रता को याद करते हुए कहा कि 2024 में दोनों देशों के संबंध ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ तक पहुँच चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली UPI जल्द ही मलेशिया में शुरू होगी। उन्होंने बताया कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है और देश का फिनटेक इकोसिस्टम वैश्विक स्तर पर शीर्ष पर है। प्रवासियों के लिए अहम घोषणाएं करते हुए उन्होंने कहा कि OCI कार्ड की सुविधा अब छठी पीढ़ी तक बढ़ा दी गई है, छात्रों के लिए ‘तिरुवल्लुवर छात्रवृत्ति’ शुरू की जाएगी और मलेशिया में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा।
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी पुरानी मित्रता का स्मरण करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया ने वर्ष 2024 में अपने संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया है।
मलेशिया में 100 से अधिक भारतीय आईटी कंपनियां, UPI जल्द होगा शुरू: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मलेशिया में एक सौ से ज़्यादा भारतीय आईटी कंपनियां काम कर रही हैं, जिससे हज़ारों नौकरियां सृजित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली यू.पी.आई. शीघ्र ही मलेशिया में शुरू कर देगी। प्रधानमंत्री मोदी कल मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में हुए बड़े बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता बन चुका है। रक्षा निर्यात में तेजी से वृद्धि हुई है और देश का फिंटेक इकोसिस्टम दुनिया के सबसे बड़े इकोसिस्टम में शामिल है। प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों के लिए कई अहम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया कार्ड की सुविधा अब छठी पीढ़ी तक बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही भारत में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए तिरुवल्लर छात्रवृत्ति शुरू की जाएगी और मलेशिया में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा।
भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते में 50% शुल्क घटकर 18% हुआ: पीयूष गोयल
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीय निर्यातों के लिए भारत-अमरीका अंतरिम व्यापार समझौते के अन्तर्गत 50 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क को अब घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ कृषि और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा। नई दिल्ली में आज भारत-अमरीका के संयुक्त बयान पर श्री गोयल ने कहा कि चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश और वियतनाम सहित पड़ोसी देशों की तुलना में भारत का शुल्क कम है।
यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमरीका ने भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के दृष्टिकोण से जो बाइलैटरल ट्रेड एग्रीमेंट का पहला अंश अब तय किया है, उसके तहत 50 प्रतिशत की जो रिसिप्रोकल टैरिफ भारत के निर्यात के ऊपर अमरीका में लगती थी, वह अब मात्र 18 प्रतिशत लगेगी। और 18 प्रतिशत जितने देश हैं, जिनके साथ हमारा स्पर्धा रहती है, उन सभी देशों से कम है और आगे आने वाले दिनों में हमें और हमारे निर्यातकों को बहुत लाभ देंगे।
समझौते को निष्पक्ष, न्यायसंगत और संतुलित बताते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत में पर्याप्त मात्रा में उत्पादित कृषि और दुग्ध उत्पादों को शुल्क रियायतों से बाहर रखा गया है। इनमें मक्का, गेहूं, चावल, चीनी, सोयाबीन और मुर्गी पालन शामिल हैं।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का देशभर में स्वागत, किसानों के हित सुरक्षित: राजीव रंजन सिंह
मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौते का पूरे देश में स्वागत हो रहा है। उन्होंने कहा कि समझौते में किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है। वे आज कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 41वें पशु मेले के दूसरे दिन पशुपालकों से बातचीत कर रहे थे।
टेक्सटाइल सेक्टर को बड़ी राहत, 118 अरब डॉलर का वैश्विक आयात बाजार खुलेगा
सरकार ने आज कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौते से वस्त्रों, परिधानों और तैयार उत्पादों के लिए एक सौ 18 अरब डॉलर का वैश्विक आयात बाजार खुल गया है। इससे वस्त्र निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। वस्त्र मंत्रालय ने व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए इसे दोनों देशों के बीच वस्त्र व्यापार संबंधों को मजबूत करने में एक प्रमुख प्रोत्साहन बताया।
सीहोर से दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ, 1000 दाल मिलें खोलने का रोडमैप तैयार
कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में खाद्य दलहन अनुसंधान केंद्र से राष्ट्रव्यापी दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का शुभारंभ किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा अब देश दालों का वैश्विक निर्यातक बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
बैठक के दौरान, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के लिए रोडमैप को अंतिम रूप दिया गया, जिसमें प्रमुख घटकों में क्लस्टर–आधारित उत्पादन मॉडल, बीज गांव, देश भर में 1,000 दाल मिलों की स्थापना शामिल है।
अगर क्लस्टर में कोई दाल मिल लगाना चाहेगा, तो दाल मिल लगाने के लिए भी 25 लाख रुपये तक की सब्सिडी भारत सरकार देगी इस मिशन के अंतर्गत। वहीं के वहीं दाल बने और बिक जाए और किसान को ठीक कीमत मिल जाए। इस बार एक हजार दाल मिल खोलेंगे और एक हजार में से 55 मिल मध्यप्रदेश में लगाई जाएगी।
देश भर के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए दालों के उत्पादन में आत्मनिर्भरता आवश्यक है।
जम्मू-कश्मीर में विकास परियोजनाओं की प्रगति पर अमित शाह की उच्च स्तरीय बैठक
गृह मंत्री अमित शाह ने आज जम्मू-कश्मीर में विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय बैठक की। बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में प्रमुख अवसंरचना कार्यों और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर में निवेश, उद्योग, खेल और अवसंरचना में हुई अभूतपूर्व वृद्धि को और तेज करना तथा जम्मू-कश्मीर को और अधिक विकसित बनाना हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। गृह मंत्री बृहस्पतिवार देर रात जम्मू पहुंचे। उन्होंने शुक्रवार को कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर गुरनाम और बोबियां में सीमा सुरक्षा बल की अग्रिम चौकियों का दौरा किया।
अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे, वामपंथी उग्रवाद पर समीक्षा
गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। श्री शाह राज्य में आंतरिक सुरक्षा स्थिति और वामपंथी उग्रवाद की समीक्षा करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। गृह मंत्री कल रायपुर में वामपंथी उग्रवाद पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
छत्तीसगढ़: बीजापुर और सुकमा में 51 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, 1.61 करोड़ का था इनाम
छत्तीसगढ़ के बस्तर मंडल के बीजापुर और सुकमा जिलों में आज 51 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादियों पर एक करोड़ 61 लाख रुपये का इनाम था। हमारे संवाददाता ने बताया कि माओवादियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
भारत एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन 16-20 फरवरी तक भारत मंडपम में
दिल्ली के भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाला भारत एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन वैश्विक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस संबंधी चर्चाओं को वास्तविक परिणामों में बदलने पर केंद्रित होगा। इससे नागरिकों विशेष रूप से विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ के नागरिकों को लाभ होगा। डिजिटल इंडिया – हमारे विशेषज्ञों से पूछें विषय पर इंडिया ए.आई मिशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन तकनीकी विमर्श से आगे बढ़कर जन-केंद्रित समाधानों पर ध्यान केंद्रित करेगा।
भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है: अश्विनी वैष्णव
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण व्यवस्था के विकास में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है। भारत की यह प्रगति अन्य देशों को संपूर्ण समाधान प्रदान कर सकती है।
उन्होंने आज बेंगलुरु में क्वालकॉम निर्मित दो नैनोमीटर सेमीकंडक्टर चिप का अनावरण के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने में सक्षम होगा।
बाघ संरक्षण नीति में संशोधन की जरूरत: भूपेंद्र यादव
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि बाघ संरक्षण नीति में संशोधन की आवश्यकता है। वे आज अलवर में आयोजित बाघ अभ्यारण्यों के फील्ड निदेशकों और मुख्य वन्यजीव संरक्षक के दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। श्री यादव ने कहा कि भारत में बाघ संरक्षण के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप पुरानी नीतियों में परिवर्तन की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गठित ‘अंतर्राष्ट्रीय बाघ गठबंधन’ में अब तक 24 देश शामिल हो चुके हैं।
रूस का यूक्रेन के ऊर्जा केंद्रों पर बड़ा हवाई हमला, 400 ड्रोन और 40 मिसाइलें दागीं
रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा केंद्रों पर रात्रि में बड़े हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में बिजली उत्पादन और वितरण प्रणाली को निशाना बनाया गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि इस हमले में 400 से ज़्यादा ड्रोन और 40 अलग-अलग तरह की मिसाइलें शामिल थीं।
इनके निशाने पर देशभर में स्थित पावर ग्रिड, उत्पादन सुविधाएं और सबस्टेशन थे। रूस ने इस पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शिमहल ने कहा कि हमलों में दो बिजली उत्पादन केंद्रों के साथ-साथ बिजली वितरण की प्रमुख लाइनें और उपविद्युत केंद्र भी प्रभावित हुए। ये हमले ऐसे समय हुए जब तापमान माइनस 14 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान था।
पाकिस्तान: इस्लामाबाद में शिया धार्मिक केंद्र पर आत्मघाती हमला, मृतकों की संख्या 36 पहुंची
पाकिस्तान में कल राजधानी इस्लामाबाद में एक शिया धार्मिक केंद्र पर हुए आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है। यह हमला शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़ा में हुआ। इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
AMN / NEWS DESK
